Home / Uncategorized / अनियंत्रित होकर पलटा राखड़ लदा ट्रक, मुर्धवा-बीजपुर मार्ग पर घंटों लगा जाम

अनियंत्रित होकर पलटा राखड़ लदा ट्रक, मुर्धवा-बीजपुर मार्ग पर घंटों लगा जाम

पूर्वांचल राज्य संवाददाता : दीपू तिवारी

सोनभद्र। म्योरपुर थाना क्षेत्र में बुधवार को मुर्धवा-बीजपुर मुख्य मार्ग पर एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। रनटोला गांव स्थित जमतिहवा नाला के समीप राखड़ (फ्लाई ऐश) से लदा एक ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया। हादसे के बाद मुख्य मार्ग पूरी तरह अवरुद्ध हो गया, जिससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यात्रियों को घंटों तक जाम की समस्या का सामना करना पड़ा। हालांकि दुर्घटना में ट्रक चालक को मामूली चोटें आईं, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, राखड़ से लदा ट्रक मुर्धवा की ओर जा रहा था। जैसे ही वह जमतिहवा नाला के पास स्थित घुमावदार और संकरे मोड़ पर पहुंचा, चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा। देखते ही देखते ट्रक सड़क पर पलट गया और उसमें लदा राखड़ सड़क पर फैल गया, जिससे पूरे मार्ग पर यातायात ठप हो गया दुर्घटना के कारण रेणुकूट, बीजपुर, दुद्धी और अंबिकापुर की ओर आने-जाने वाले सैकड़ों वाहन जाम में फंस गए। सबसे अधिक परेशानी दैनिक यात्रियों, स्कूली विद्यार्थियों, कर्मचारियों और श्रमिकों को हुई, जिन्हें अपने गंतव्य तक पहुंचने में काफी देर लगी। कई वाहन घंटों तक सड़क पर खड़े रहे स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस और प्रशासन ने वैकल्पिक मार्गों से यातायात संचालित कराया। रेणुकूट की ओर जाने वाले वाहनों को आश्रम मोड़ से दुद्धी मार्ग की ओर डायवर्ट किया गया, जबकि बीजपुर और अंबिकापुर जाने वाले वाहनों को रनटोला-कटौली मार्ग से निकाला गया, जिससे जाम का दबाव कुछ कम हो सका सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और यातायात व्यवस्था बहाल करने में जुट गई। ट्रक को हटाने के लिए क्रेन बुलाई गई। अधिकारियों ने बताया कि ट्रक हटने के बाद ही मुख्य मार्ग पर यातायात पूरी तरह सामान्य हो सकेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *