Home / Uncategorized / बाबा मुराद शाह जी सरकार का वार्षिक जोड़ मेला श्रद्धा और उल्लास के साथ संपन्न, सुरजीत भुल्लर ने गीतों से बांधा समां

बाबा मुराद शाह जी सरकार का वार्षिक जोड़ मेला श्रद्धा और उल्लास के साथ संपन्न, सुरजीत भुल्लर ने गीतों से बांधा समां

दूर-दराज़ से पहुंचे श्रद्धालुओं ने दरबार में मत्था टेका, अटूट लंगर का आयोजन; रंग-बिरंगी दुकानों और झूलों ने मेले की रौनक बढ़ाई

अमृतसर, 9 जुलाई – (राजू वालिया) – अमृतसर के गांव चीचा स्थित दरबार बाबा मुराद शाह जी सरकार का वार्षिक जोड़ मेला इस वर्ष भी हर साल की तरह गांववासियों के सहयोग तथा गद्दीनशीन बाबा काला की देखरेख में श्रद्धा, भक्ति और हर्षोल्लास के साथ आयोजित किया गया। मेले में पंजाब सहित दूर-दराज़ क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे और दरबार में मत्था टेककर सुख-समृद्धि तथा सर्वजन कल्याण की अरदास की। मेले के दौरान धार्मिक आस्था के साथ-साथ सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आकर्षण का केंद्र रहे। इस अवसर पर पंजाब के प्रसिद्ध लोक गायक सुरजीत भुल्लर ने अपने लोकप्रिय गीतों की शानदार प्रस्तुति देकर उपस्थित हजारों श्रद्धालुओं का भरपूर मनोरंजन किया। उनकी प्रस्तुति के दौरान पूरा पंडाल तालियों और जयकारों से गूंज उठा तथा श्रद्धालुओं ने कार्यक्रम का भरपूर आनंद लिया। मेले में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विभिन्न प्रकार की दुकानें सजाई गई थीं, जहां खान-पान की वस्तुओं, खिलौनों और घरेलू उपयोग के सामान की खरीदारी के लिए लोगों की भारी भीड़ उमड़ी। बच्चों और बड़ों के मनोरंजन के लिए रंग-बिरंगे झूले तथा अन्य मनोरंजन के साधन भी लगाए गए, जो पूरे मेले का प्रमुख आकर्षण बने रहे। इस अवसर पर गुरु का अटूट लंगर भी आयोजित किया गया, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। लंगर सेवा गांववासियों और सेवादारों ने पूरी निष्ठा, समर्पण और सेवा-भाव से निभाई। गद्दीनशीन बाबा काला ने मेले में पहुंची संगत का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे धार्मिक आयोजन समाज में आपसी भाईचारे, प्रेम, सद्भाव और सामाजिक एकता को मजबूत करने का संदेश देते हैं। उन्होंने कहा कि गांववासियों के सहयोग से हर वर्ष यह मेला पहले से अधिक भव्य और श्रद्धापूर्वक आयोजित किया जाता है। मेले के दौरान गांव के मौजूदा सरपंच मुखमीत सिंह आलम चीचा, सुरिंदर चीता, बलजीत काहलों, शेरा संधू, कारज सिंह संधू, लाला घनूपुरिया, मणि घनूपुरिया, प्रगट घनूपुरिया, अबी संधू, गुरजिंदर संधू, रणजीत सरपंच, अर्श कीकन, कुलदीप विरक, हैप्पी ढिल्लों, गोला पहलवान, दिलशेर सिंह कोला महीतपुरिया सहित बड़ी संख्या में गांववासी एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *