Home / Uncategorized / वेतन विसंगतियों को लेकर पीएसपीसीएल कर्मचारियों का मुख्य अभियंता कार्यालय के बाहर जोरदार प्रदर्शन, समान कार्य के लिए समान वेतन की उठाई मांग

वेतन विसंगतियों को लेकर पीएसपीसीएल कर्मचारियों का मुख्य अभियंता कार्यालय के बाहर जोरदार प्रदर्शन, समान कार्य के लिए समान वेतन की उठाई मांग

अमृतसर, 10 जुलाई – (राजू वालिया) – पंजाब स्टेट पावर कॉर्पोरेशन लिमिटेड (पीएसपीसीएल) के मुख्य अभियंता बॉर्डर ज़ोन कार्यालय के बाहर शुक्रवार को एम.सी./बी.सी. इम्प्लाइज फेडरेशन तथा इम्प्लाइज फेडरेशन पावरकॉम ग्रुप बॉर्डर ज़ोन के बैनर तले कर्मचारियों ने अपनी लंबित मांगों को लेकर जोरदार रोष प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान कर्मचारियों ने प्रबंधन और सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए आरोप लगाया कि लंबे समय से वेतन संबंधी विसंगतियों को दूर करने की मांग किए जाने के बावजूद आज तक कोई ठोस समाधान नहीं निकाला गया है।फेडरेशन के नेताओं ने बताया कि पीएसपीसीएल में कार्यरत कर्मचारियों के साथ वेतन निर्धारण के मामले में भेदभाव किया गया है। उन्होंने कहा कि 20 जुलाई 2021 से लागू किए गए वेतन आयोग के अनुसार 20 हजार रुपये के मूल वेतनमान वाले कर्मचारियों में क्लर्क कैडर को 19,500 रुपये तथा पदोन्नत कर्मचारियों को 23,500 रुपये का बेसिक वेतन दिया गया। जबकि पंजाब सरकार के अन्य विभागों में उसी तिथि से लागू छठे वेतन आयोग के अनुसार सेवादार से क्लर्क, आरटीएम से एएसएम तथा चौकीदार से क्लर्क बने कर्मचारियों को 35,400 रुपये का बेसिक वेतन प्रदान किया गया।फेडरेशन पदाधिकारियों ने कहा कि पीएसपीसीएल के पदोन्नत कर्मचारियों को आज भी मात्र 23,500 रुपये का बेसिक वेतन मिल रहा है, जबकि अन्य सरकारी विभागों के समान पदों पर कार्यरत कर्मचारियों को 35,400 रुपये का लाभ दिया जा रहा है। उन्होंने इसे कर्मचारियों के साथ खुला अन्याय बताते हुए कहा कि समान कार्य करने वाले कर्मचारियों के बीच इतना बड़ा वेतन अंतर किसी भी स्थिति में उचित नहीं है प्रदर्शनकारियों ने सरकार और पावरकॉम प्रबंधन से मांग की कि पीएसपीसीएल के पदोन्नत कर्मचारियों को भी अन्य सरकारी विभागों के कर्मचारियों की तरह 35,400 रुपये का बेसिक वेतन दिया जाए तथा वेतन संबंधी सभी विसंगतियों को शीघ्र दूर किया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर जल्द सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो संघर्ष को और तेज किया जाएगा तथा बड़े स्तर पर आंदोलन शुरू किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी सरकार और प्रबंधन की होगी। इस अवसर पर एम.सी./बी.सी. इम्प्लाइज फेडरेशन के अध्यक्ष मनप्रीत सिंह, प्रेस सचिव पवन कुमार, वरिष्ठ उपाध्यक्ष दीपक कुमार, सब-अर्बन मंडल के अध्यक्ष शक्ति सिंह, फेडरेशन के सलाहकार गुरनाम शर्मा, इम्प्लाइज फेडरेशन पावरकॉम ग्रुप बॉर्डर ज़ोन के प्रतिनिधि सुनील कुमार, प्रेस सचिव दीपक कुमार, अशोक नंदा सहित बड़ी संख्या में कर्मचारी और पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *