पूर्वांचल राज्य ब्यूरो
महराजगंज ( घुघली) पल्टू मिश्रा
कूड़ा पृथक्करण, वृक्षारोपण और एंटी लार्वा छिड़काव के जरिए नगर पालिका ने छेड़ी स्वच्छता की मुहिम, नागरिकों से मांगा सहयोग
महराजगंज, 09 जुलाई 2026। स्वच्छ सर्वेक्षण-2026 में बेहतर प्रदर्शन के लक्ष्य को लेकर नगर पालिका परिषद सिसवा बाजार ने गुरुवार को व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया। अभियान के तहत वार्डों में घर-घर पहुंचकर लोगों को कूड़ा पृथक्करण, स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया गया। साथ ही ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के अंतर्गत वृक्षारोपण कर हरित वातावरण का संदेश भी दिया गया।
नगर पालिका की टीम ने नागरिकों से अपील की कि वे गीले और सूखे कूड़े को अलग-अलग रखें, सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी न फैलाएं तथा स्वच्छ सर्वेक्षण-2026 में नगर पालिका परिषद सिसवा बाजार को बेहतर रैंक दिलाने में सक्रिय सहयोग करें। सफाई कर्मचारियों ने घर-घर जाकर लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करते हुए नियमित रूप से कूड़ा पृथक्करण करने के लिए प्रेरित किया।
इसी क्रम में वार्ड संख्या-10 में संचारी रोगों की रोकथाम के उद्देश्य से विशेष अभियान चलाकर एंटी लार्वा दवा का छिड़काव किया गया। नागरिकों को डेंगू, मलेरिया और अन्य मच्छरजनित बीमारियों से बचाव के उपाय बताए गए तथा घरों और आसपास पानी जमा न होने देने की सलाह दी गई। लोगों से स्वच्छ वातावरण बनाए रखने और स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने की अपील भी की गई।
अभियान में आईईसी टीम की ओर से सतीश शर्मा, खुश्बू पटेल एवं अर्जुन कुमार ने लोगों को गीले और सूखे कूड़े को अलग-अलग कर सफाईकर्मियों को सौंपने तथा पर्यावरण संरक्षण में अपनी भागीदारी निभाने का संदेश दिया।
इस अवसर पर नगर पालिका परिषद सिसवा के सफाई प्रभारी मंगलेश राणा, सफाई नायक रामाकांत राय, संतोष कुमार गोंड, दीपू कुमार तथा सफाईकर्मी दीपक गोंड, रिंकू कुमार, मनीष कुमार सहित बड़ी संख्या में सफाई कर्मचारी और आईईसी टीम के सदस्य मौजूद रहे। पूरे अभियान के दौरान स्वच्छता, स्वास्थ्य और पर्यावरण संरक्षण को लेकर नागरिकों में उत्साह देखने को मिला।









