पूर्वांचल राज्य संवाददाता : दीपू तिवारी
सोनभद्र रेणुकूट पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन का स्वरूप देने के उद्देश्य से वर्ष 2026 के प्रस्तावित वृहद वृक्षारोपण महायज्ञ के अंतर्गत संचालित “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के तहत मंगलवार को रेणुकूट स्थित आश्रम पार्क के समीप नोखई पम्पहाउस परिसर में भव्य वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन हिण्डाल्को के पर्यावरण विभाग द्वारा उत्तर प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (यूपीपीसीबी), सोनभद्र के क्षेत्रीय अधिकारी के निर्देशन में किया गया। कार्यक्रम में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता, हरित विकास तथा पौधों के संरक्षण का संदेश दिया गया कार्यक्रम के दौरान विभिन्न प्रजातियों के लगभग 500 पौधों का रोपण किया गया। उद्यान (हॉर्टिकल्चर) विभाग के सहयोग से लगाए गए इन पौधों में छायादार, फलदार तथा पर्यावरण की दृष्टि से उपयोगी प्रजातियों को प्राथमिकता दी गई। इन पौधों के माध्यम से क्षेत्र में हरित आवरण बढ़ाने, जैव विविधता को सुदृढ़ करने तथा प्रदूषण नियंत्रण में सकारात्मक योगदान देने का लक्ष्य निर्धारित किया गया वृक्षारोपण अभियान में हिण्डाल्को के पर्यावरण एवं गार्डेन विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने पूरे उत्साह और समर्पण के साथ सहभागिता निभाई। सभी ने स्वयं पौधे लगाए तथा उनके संरक्षण, नियमित सिंचाई और देखभाल का संकल्प भी लिया। कार्यक्रम के दौरान पर्यावरण संरक्षण से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की गई और लोगों को वृक्षों के महत्व के प्रति जागरूक किया गया इस अवसर पर पर्यावरण विभाग के प्रमुख श्री सत्यजीत आचार्या ने कहा कि “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान केवल पौधे लगाने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह प्रकृति और मातृत्व के प्रति सम्मान व्यक्त करने का एक भावनात्मक एवं सामाजिक प्रयास है। उन्होंने कहा कि आज पर्यावरण प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन जैसी चुनौतियों से निपटने के लिए जनसहभागिता अत्यंत आवश्यक है। यदि प्रत्येक व्यक्ति अपने जीवन में कम से कम एक पौधा लगाकर उसकी जिम्मेदारीपूर्वक देखभाल करे, तो पर्यावरण संरक्षण की दिशा में बड़ा बदलाव संभव है। उन्होंने कहा कि वृक्ष न केवल ऑक्सीजन प्रदान करते हैं, बल्कि वर्षा, जल संरक्षण, जैव विविधता तथा स्वच्छ वातावरण बनाए रखने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं कार्यक्रम का संचालन पर्यावरण विभाग के वरिष्ठ अधिकारी श्री अनिल सिंह ने किया। उन्होंने उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों से अपील की कि पौधारोपण तभी सार्थक होगा, जब लगाए गए पौधों का संरक्षण भी पूरी जिम्मेदारी के साथ किया जाए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक पौधा भविष्य की हरियाली और आने वाली पीढ़ियों के स्वस्थ जीवन की अमूल्य धरोहर है कार्यक्रम में विवेक मिश्रा, आलोक उपाध्याय, अम्बरीष सिंह, प्रभात द्विवेदी, महेन्द्र तिवारी, कुमुद यादव, हरिओम केसरी, ज्ञाना दास सहित गार्डेन एवं पर्यावरण विभाग के अनेक अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी ने पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए अधिक से अधिक वृक्ष लगाने और उनके संरक्षण का संकल्प लिया कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने यह संदेश दिया कि प्रकृति का संरक्षण प्रत्येक नागरिक की नैतिक जिम्मेदारी है। “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के माध्यम से समाज में पर्यावरण के प्रति जागरूकता बढ़ाने और अधिकाधिक लोगों को वृक्षारोपण से जोड़ने का आह्वान किया गया, ताकि आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ, सुरक्षित और हरित वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।










