राजीव शंकर चतुर्वेदी
पूर्वांचल राज्य ब्यूरो
बलिया। दुबहड़ उपकेंद्र के बिजली उपभोक्ताओं को अगले तीन दिनों तक बिजली संकट का सामना करना पड़ेगा। विद्युत विभाग ने 33 केवी दुबहड़ लाइन में आवश्यक तकनीकी कार्य के चलते प्रतिदिन छह घंटे बिजली आपूर्ति बंद रखने का निर्णय लिया है। यह कटौती 16 जुलाई से 18 जुलाई तक सुबह 8 बजे से दोपहर 2 बजे तक प्रभावी रहेगी। विभाग का कहना है कि लंबे स्पैन में नए विद्युत पोल लगाए जाने के कारण यह शटडाउन लिया गया है, ताकि भविष्य में विद्युत आपूर्ति को और अधिक सुरक्षित व बेहतर बनाया जा सके। उपखंड अधिकारी ने बताया कि निर्धारित समय के भीतर कार्य पूरा करने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि उपभोक्ताओं को हुई असुविधा के लिए विभाग खेद व्यक्त करता है। साथ ही लोगों से अपील की गई है कि वे बिजली कटौती अवधि में विभाग का सहयोग करें और किसी भी आवश्यक सूचना के लिए स्थानीय विद्युत अधिकारियों से संपर्क करें। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि जैसे ही पोल लगाने और लाइन संबंधी कार्य पूरे होंगे, बिजली आपूर्ति तुरंत शुरू कर दी जाएगी। विभाग की कोशिश है कि निर्धारित अवधि से अधिक समय तक कटौती न हो और उपभोक्ताओं को कम से कम परेशानी का सामना करना पड़े।
दुबहड़ उपकेंद्र पर तीन दिन रहेगी 6 घंटे बिजली कटौती विभाग ने उपभोक्ताओं से सहयोग की अपील की










