पूर्वांचल राज्य संवाददाता : दीपू तिवारी
सोनभद्र रेणुकूट। आगरा कैंट रेलवे स्टेशन पर स्टेशन मास्टर के साथ कथित मारपीट की घटना के विरोध में गुरुवार शाम को रेणुकूट रेलवे स्टेशन परिसर में ऑल इंडिया स्टेशन मास्टर एसोसिएशन की रेणुकूट शाखा (ईसीआर, धनबाद मंडल) के तत्वावधान में कैंडल मार्च निकालकर विरोध प्रदर्शन किया गया। बड़ी संख्या में रेलवे अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने हाथों में जलती मोमबत्तियां लेकर मार्च निकाला और घटना के प्रति अपना रोष प्रकट करते हुए दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की मांग की कैंडल मार्च के दौरान कर्मचारियों ने रेलवे प्रशासन से मांग की कि मामले की निष्पक्ष एवं समयबद्ध जांच कर दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाए प्रदर्शनकारियों ने कहा कि रेलवे कर्मचारी पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ यात्रियों की सुरक्षित एवं सुचारु रेल सेवा सुनिश्चित करने में जुटे रहते हैं। ऐसे में कार्यस्थल पर किसी कर्मचारी के साथ कथित दुर्व्यवहार या मारपीट की घटना अत्यंत चिंताजनक है कर्मचारियों ने कहा कि इस प्रकार की घटनाओं से न केवल संबंधित कर्मचारी प्रभावित होता है, बल्कि पूरे रेलवे परिवार के मनोबल पर भी प्रतिकूल असर पड़ता है। उन्होंने रेलवे प्रशासन से कर्मचारियों की सुरक्षा, सम्मान और गरिमा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की मांग की रेणुकूट रेलवे स्टेशन पर आयोजित प्रदर्शन के दौरान एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने कहा कि रेलवे कर्मचारियों को भयमुक्त, सुरक्षित और सम्मानजनक वातावरण में कार्य करने का अधिकार है। कार्यस्थल पर अनुशासन और गरिमा बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि किसी भी कर्मचारी के साथ कथित हिंसा या दुर्व्यवहार को स्वीकार नहीं किया जा सकता प्रदर्शनकारियों ने आगरा कैंट प्रकरण में पारदर्शी जांच, दोषियों के विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए ठोस सुरक्षा व्यवस्था लागू करने की मांग दोहराई। उन्होंने कहा कि यदि समय रहते प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई तो संगठन लोकतांत्रिक तरीके से अपना विरोध जारी रखने को बाध्य होगा कैंडल मार्च एवं विरोध प्रदर्शन में रेणुकूट रेलवे स्टेशन के स्टेशन मास्टर, रेल यातायात विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी बड़ी संख्या में शामिल हुए। सभी ने एकजुट होकर रेलवे कर्मचारियों की सुरक्षा, सम्मान और गरिमापूर्ण कार्य वातावरण सुनिश्चित करने की मांग उठाई।










