पाकिस्तान से भेजे गए AK-47, हैंड ग्रेनेड समेत चार घातक हथियार बरामद, तीन आरोपी गिरफ्तार; बड़ी वारदात की साजिश की आशंका
अमृतसर/अटारी, 16 जुलाई (राजू वालिया)। पंजाब पुलिस द्वारा गैंगस्टरों, हथियार तस्करों और सीमा पार से संचालित आपराधिक नेटवर्क के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत अमृतसर देहात पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए पाकिस्तान से ड्रोन के माध्यम से अत्याधुनिक हथियार मंगवाने वाले मॉड्यूल का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से एक AK-47 राइफल, एक हैंड ग्रेनेड, एक एम-4 मॉडिफाइड गन तथा एक स्पेशल .34 मॉडिफाइड सेमी-ऑटोमैटिक गन बरामद की है। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि इन हथियारों का इस्तेमाल किसी बड़ी आपराधिक या आतंकी वारदात को अंजाम देने के लिए किया जाना था। विश्वसनीय गुप्त सूचना के आधार पर अमृतसर देहात पुलिस को जानकारी मिली थी कि कुछ तस्कर पाकिस्तान से ड्रोन के जरिए हथियारों की खेप मंगवाकर पंजाब में उनकी सप्लाई करने की फिराक में हैं। सूचना में यह भी संकेत मिले थे कि इन हथियारों का इस्तेमाल किसी बड़े आपराधिक षड्यंत्र को अंजाम देने के लिए किया जा सकता है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधिकारियों ने तत्काल विशेष टीम गठित कर कार्रवाई शुरू कर दी। डीएसपी अटारी यादविंदर सिंह, डीएसपी डी. नागरा तथा थाना घरिंडा के एसएचओ के नेतृत्व में पुलिस टीम ने संयुक्त अभियान चलाकर हथियार तस्करी से जुड़े इस नेटवर्क का पर्दाफाश करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान जोबन, आकाश तथा एक नाबालिग के रूप में हुई है। नाबालिग आरोपी की पहचान कानूनी प्रावधानों के तहत सार्वजनिक नहीं की गई है।पुलिस जांच में सामने आया है कि पाकिस्तान से ड्रोन के माध्यम से हथियार भारतीय सीमा क्षेत्र में गिराए गए थे। आरोपी इन हथियारों को अपने कब्जे में लेने के लिए मौके पर पहुंचे थे, लेकिन पहले से सतर्क पुलिस टीम ने उन्हें दबोच लिया। आरोपियों से पूछताछ के आधार पर पुलिस ने भारी मात्रा में हथियार और विस्फोटक सामग्री बरामद की है।बरामद हथियारों में एक AK-47 राइफल मय मैगजीन, एक हैंड ग्रेनेड, एक एम-4 मॉडिफाइड .30 बोर गन तथा एक स्पेशल .34 मॉडिफाइड सेमी-ऑटोमैटिक गन शामिल है। पुलिस इन सभी हथियारों की फोरेंसिक जांच भी करवाएगी, ताकि यह पता लगाया जा सके कि इनका इस्तेमाल पहले किसी आपराधिक घटना में किया गया है अथवा नहीं। पुलिस अधिकारियों के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों से गहन पूछताछ की जा रही है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि पंजाब में इन हथियारों की डिलीवरी किसे दी जानी थी, इस तस्करी नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं तथा इनके पाकिस्तान स्थित संचालकों के साथ किस प्रकार के संबंध हैं। इसके अलावा यह भी जांच की जा रही है कि क्या आरोपियों ने इससे पहले भी ड्रोन के माध्यम से हथियारों की खेप प्राप्त की थी अमृतसर देहात पुलिस का कहना है कि मामले की जांच बहुआयामी स्तर पर की जा रही है। हथियारों की सप्लाई चेन, इनके संभावित इस्तेमाल और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान के लिए पुलिस की विभिन्न टीमें लगातार छापेमारी और पूछताछ में जुटी हुई हैं। पुलिस अधिकारियों का मानना है कि जांच आगे बढ़ने के साथ इस मामले में कई और महत्वपूर्ण खुलासे हो सकते हैं।










