Home / Uncategorized / 30 लाख की रंगदारी के लिए पेट्रोल बम से हमला, पुलिस एनकाउंटर में एक बदमाश घायल; साथी समेत दबोचा गया

30 लाख की रंगदारी के लिए पेट्रोल बम से हमला, पुलिस एनकाउंटर में एक बदमाश घायल; साथी समेत दबोचा गया

पुलिस पर की ताबड़तोड़ फायरिंग, जवाबी कार्रवाई में पैर में लगी गोली; पिस्तौल और कारतूस के खाली खोल बरामद, विदेश बैठे मास्टरमाइंड की तलाश तेज

अमृतसर, 16 जुलाई (राजू वालिया)। अमृतसर देहात पुलिस ने 30 लाख रुपये की रंगदारी मांगने और पेट्रोल बम से घर पर हमला करने के सनसनीखेज मामले का पर्दाफाश करते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में एक आरोपी गोली लगने से घायल हो गया, जबकि उसके साथी को मौके पर गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपियों ने गिरफ्तारी से बचने के लिए पुलिस पार्टी पर ताबड़तोड़ गोलियां चलाईं, जिससे पुलिस का वाहन भी क्षतिग्रस्त हो गया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश के पैर में गोली लगी, जिसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जानकारी के अनुसार, थाना कंबोज क्षेत्र के गांव पंडोरी वड़ैच निवासी विक्रम को गत 7 जुलाई को एक अज्ञात व्यक्ति ने फोन कर 30 लाख रुपये की रंगदारी देने की धमकी दी थी। शिकायत मिलने पर थाना कंबोज पुलिस ने अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी। इसी दौरान तीन युवक मोटरसाइकिल पर सवार होकर विक्रम के घर पहुंचे और पेट्रोल बम फेंककर फरार हो गए, जिससे इलाके में दहशत का माहौल बन गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए अमृतसर देहात पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमें गठित कर जांच शुरू कर दी। जांच के दौरान सामने आया कि पीड़ित का पड़ोसी तथा वर्तमान में पुर्तगाल में रह रहा बादलप्रीत सिंह इस साजिश का मुख्य सूत्रधार हो सकता है, जिसके बाद उसे मामले में नामजद कर लिया गया। इसी बीच पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि वारदात में शामिल दो आरोपी इलाके में घूम रहे हैं। सूचना के आधार पर थाना कंबोज पुलिस और चौकी प्रभारी ने नाकाबंदी कर दी। इसी दौरान मोटरसाइकिल पर सवार दोनों आरोपी मजीठा की ओर जाते दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया, लेकिन आरोपियों ने वाहन वापस मोड़ लिया और पुलिस पार्टी पर अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। फायरिंग के दौरान एक गोली पुलिस वाहन को भी जा लगी।पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आरोपी गुरलाल सिंह के पैर में गोली लग गई और वह मौके पर ही गिर पड़ा। घायल आरोपी को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जबकि उसके साथी कृष्ण कुमार को पुलिस ने मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक अवैध पिस्तौल बरामद की है। इसके अलावा घटनास्थल से तीन खाली खोल भी बरामद किए गए हैं, जिन्हें फॉरेंसिक जांच के लिए कब्जे में ले लिया गया है। घटना की सूचना मिलते ही फॉरेंसिक विशेषज्ञों की टीम भी मौके पर पहुंची और घटनास्थल से अहम साक्ष्य जुटाए। पुलिस अधिकारियों के अनुसार गिरफ्तार आरोपी को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड हासिल कर लिया गया है। उससे पूछताछ के दौरान इस पूरे गिरोह, इसके अन्य सदस्यों और विदेश में बैठे इसके कथित मास्टरमाइंड के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारियां जुटाई जा रही हैं। पुलिस का कहना है कि मामले से जुड़े अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। जांच एजेंसियां यह भी पता लगाने में जुटी हैं कि रंगदारी मांगने, पेट्रोल बम से हमला करने और पुलिस पर फायरिंग की इस पूरी साजिश के पीछे और कौन-कौन लोग शामिल हैं। पुलिस को उम्मीद है कि आने वाले दिनों में इस मामले में कई और बड़े खुलासे हो सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *