7,390 यात्राओं के माध्यम से 3,04,784 श्रद्धालुओं को मिला लाभ, यात्रा, भोजन, आवास और चिकित्सा सुविधाओं का पूरा खर्च उठा रही है पंजाब सरकार
अमृतसर, 16 जुलाई – (राजू वालिया) – विधानसभा हलका अमृतसर पूर्वी की विधायक श्रीमती जीवनजोत कौर ने कहा कि पंजाब सरकार द्वारा मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में शुरू की गई मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना लाखों श्रद्धालुओं के लिए आस्था और आध्यात्मिक संतोष का माध्यम बनकर उभरी है। इस योजना के तहत अब तक प्रदेश के 3 लाख से अधिक श्रद्धालु देश के विभिन्न पवित्र एवं ऐतिहासिक धार्मिक स्थलों के दर्शन कर चुके हैं।विधायका जीवनजोत कौर ने कहा कि यह योजना पंजाब सरकार की जनकल्याणकारी सोच का एक महत्वपूर्ण उदाहरण है, जिसका उद्देश्य केवल लोगों को तीर्थ स्थलों के दर्शन करवाना ही नहीं, बल्कि उनकी धार्मिक भावनाओं का सम्मान करते हुए उन्हें आध्यात्मिक रूप से समृद्ध बनाना भी है। उन्होंने कहा कि परमात्मा से जुड़ना मानव जीवन का सबसे बड़ा उद्देश्य है और मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना इस दिशा में एक सार्थक पहल साबित हो रही है। उन्होंने बताया कि अब तक कुल 3 लाख 4 हजार 784 श्रद्धालु 7 हजार 390 तीर्थ यात्राओं का लाभ उठा चुके हैं, जो इस योजना की व्यापक पहुंच और लोगों के बीच इसकी लोकप्रियता को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि यह योजना विशेष रूप से 50 वर्ष या उससे अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों के लिए किसी वरदान से कम नहीं है, जो आर्थिक कारणों से पहले विभिन्न पवित्र स्थलों के दर्शन करने में असमर्थ थे। अब पंजाब सरकार उन्हें पूरी तरह निःशुल्क तीर्थ यात्रा की सुविधा प्रदान कर रही है विधायका ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में पंजाब सरकार प्रदेशवासियों के कल्याण तथा उनकी धार्मिक और सांस्कृतिक भावनाओं के सम्मान के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। सरकार का उद्देश्य केवल प्रशासन चलाना नहीं, बल्कि समाज की सांस्कृतिक विरासत और आध्यात्मिक मूल्यों को भी संरक्षित और प्रोत्साहित करना है। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना पूरी तरह निःशुल्क है तथा इसका लाभ सभी जातियों, धर्मों और वर्गों से संबंधित श्रद्धालु उठा सकते हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए राज्यभर में 95 डीलक्स वातानुकूलित बसें तैनात की गई हैं, जो गांवों, कस्बों और शहरों से श्रद्धालुओं को उनके घरों के नजदीकी स्थानों से ही तीर्थ यात्रा के लिए लेकर जाती हैं। जीवनजोत कौर ने बताया कि इस योजना के अंतर्गत श्रद्धालु श्री हरिमंदिर साहिब, श्री दुर्गियाना मंदिर, भगवान श्री वाल्मीकि तीर्थ स्थल, जलियांवाला बाग, पार्टीशन म्यूजियम तथा श्री आनंदपुर साहिब स्थित तख्त श्री केशगढ़ साहिब सहित अन्य अनेक पवित्र एवं ऐतिहासिक स्थलों के दर्शन कर सकते हैं।उन्होंने कहा कि यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पंजाब सरकार द्वारा यात्रा, आवास, भोजन, चिकित्सा सहायता तथा आवश्यक किटों सहित सभी व्यवस्थाएं निःशुल्क उपलब्ध करवाई जाती हैं, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। विधायका जीवनजोत कौर ने अमृतसर पूर्वी विधानसभा क्षेत्र सहित पूरे पंजाब के लोगों से अपील करते हुए कहा कि वे मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना का अधिक से अधिक लाभ उठाएं और अपने परिवारों के साथ पवित्र स्थलों के दर्शन कर आध्यात्मिक शांति, सुख और परमात्मा का आशीर्वाद प्राप्त करें। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार भविष्य में भी जनहित और लोककल्याण के ऐसे प्रयासों को निरंतर जारी रखेगी।









