बिना कानूनी अनुमति और मेडिकल सुविधाओं के चल रहा था केंद्र, दो आरोपियों पर पहले से एनडीपीएस एक्ट के मामले दर्ज
अमृतसर, 17 जुलाई – (राजू वालिया) – कमिश्नरेट पुलिस अमृतसर गुरप्रीत सिंह भूल्लर आईपीएस ने स्वास्थ्य विभाग के साथ संयुक्त कार्रवाई करते हुए थाना गेट हकीमां क्षेत्र में संचालित एक अवैध नशा मुक्ति केंद्र का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने केंद्र के मालिक सहित छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि वहां रह रहे 43 मरीजों को सुरक्षित बाहर निकालकर स्वास्थ्य विभाग की निगरानी में स्वामी विवेकानंद नशा मुक्ति केंद्र में दाखिल कराया गया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि उक्त केंद्र बिना किसी वैधानिक अनुमति और आवश्यक चिकित्सा सुविधाओं के संचालित किया जा रहा था। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान केंद्र के संचालक कुलदीप सिंह उर्फ चौहान तथा कर्मचारियों सिमरनजीत सिंह, जसपाल सिंह, अमनदीप सिंह, शमशेर सिंह और करमजीत सिंह उर्फ बॉबी के रूप में हुई है। सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ थाना गेट हकीमां में मामला दर्ज कर लिया गया है। जांच के दौरान यह भी खुलासा हुआ है कि नशा मुक्ति केंद्र में भर्ती मरीजों को निर्धारित चिकित्सा मानकों के अनुरूप सुविधाएं उपलब्ध नहीं करवाई जा रही थीं। केंद्र के पास संचालन के लिए आवश्यक सरकारी अनुमति भी नहीं थी। मरीजों की सुरक्षा और स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए स्वास्थ्य विभाग की टीम ने सभी 43 मरीजों को सुरक्षित रेस्क्यू कर स्वामी विवेकानंद नशा मुक्ति केंद्र में स्थानांतरित कर दिया, जहां उनका उपचार और देखभाल विशेषज्ञ चिकित्सकों की निगरानी में की जाएगी। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों में शामिल जसपाल सिंह और करमजीत सिंह उर्फ बॉबी के खिलाफ पहले से ही एनडीपीएस एक्ट के तहत आपराधिक मामले दर्ज हैं। इससे यह आशंका भी जताई जा रही है कि अवैध रूप से संचालित इस केंद्र के पीछे नशे से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा सकती है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि केंद्र कब से संचालित किया जा रहा था और इसके संचालन में अन्य कौन-कौन लोग शामिल थे। कमिश्नरेट पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की इस संयुक्त कार्रवाई को नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान की एक महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर अन्य आरोपियों के खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल थाना गेट हकीमां में मामला दर्ज कर आगे की जांच जारी है।
अमृतसर में अवैध नशा मुक्ति केंद्र का भंडाफोड़, मालिक समेत 6 गिरफ्तार, 43 मरीजों को कराया गया रेस्क्यू










