Home / Uncategorized / “यदि पंजाब की बागडोर नहीं संभलती तो तत्काल इस्तीफा दें भगवंत मान, प्रदेश में जंगलराज जैसे हालात” : सुरजीत सिंह भैल

“यदि पंजाब की बागडोर नहीं संभलती तो तत्काल इस्तीफा दें भगवंत मान, प्रदेश में जंगलराज जैसे हालात” : सुरजीत सिंह भैल

नशा, गैंगस्टरवाद, फिरौती, हत्याओं और गोलीबारी की घटनाओं ने पंजाब की अमन-शांति को किया तार-तार, आम आदमी पार्टी अपने वादों पर पूरी तरह विफल

अमृतसर, 17 जुलाई – (राजू वालिया) – बहुजन समाज पार्टी (बसपा) पंजाब के वरिष्ठ नेता एवं प्रदेश सचिव सुरजीत सिंह भैल ने पंजाब में बिगड़ती कानून-व्यवस्था, बढ़ते अपराध और सामाजिक बुराइयों को लेकर मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व वाली आम आदमी पार्टी सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि यदि मुख्यमंत्री भगवंत मान से पंजाब की बागडोर नहीं संभल रही है तो उन्हें नैतिकता के आधार पर तत्काल अपने पद से इस्तीफा दे देना चाहिए। सुरजीत सिंह भैल ने कहा कि आज पंजाब में कानून-व्यवस्था की स्थिति पूरी तरह चरमरा चुकी है। प्रदेश में आए दिन हत्या, लूट, रंगदारी, गोलीबारी, बम धमाकों, नशा तस्करी और महिलाओं के खिलाफ अपराध की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। पंजाब का आम नागरिक भय और असुरक्षा के माहौल में जीवन जीने को मजबूर है, जबकि सरकार केवल विज्ञापनों और बड़े-बड़े दावों के सहारे अपनी उपलब्धियां गिनाने में व्यस्त है। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी ने सत्ता में आने से पहले पंजाब को नशामुक्त, भ्रष्टाचारमुक्त और अपराधमुक्त बनाने का वादा किया था, लेकिन आज हालात इसके बिल्कुल विपरीत हैं। पंजाब की युवा पीढ़ी नशे की दलदल में धकेली जा रही है, जबकि पाकिस्तान सीमा से ड्रोन के माध्यम से नशीले पदार्थों और हथियारों की तस्करी लगातार जारी है। गैंगस्टरों के हौसले इस कदर बुलंद हो चुके हैं कि वे जेलों के भीतर से भी अपना नेटवर्क संचालित कर रहे हैं और आम लोगों से रंगदारी मांगने जैसी घटनाएं सामान्य होती जा रही हैं। भैल ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री भगवंत मान प्रदेश के गंभीर मुद्दों पर ध्यान देने के बजाय राजनीतिक बयानबाजी में व्यस्त हैं। पंजाब में अमन और कानून-व्यवस्था को मजबूत करने के बजाय उसे कमजोर होने दिया जा रहा है। प्रदेश की जनता भय और असुरक्षा के माहौल में जीने को विवश है। उन्होंने कहा कि यदि मुख्यमंत्री भगवंत मान से पंजाब की बागडोर संभाली नहीं जाती तो उन्हें सत्ता से चिपके रहने के बजाय नैतिक जिम्मेदारी स्वीकार करते हुए अपने पद से इस्तीफा दे देना चाहिए। कुर्सी से मोह रखने की बजाय पंजाब और पंजाबियों के हितों को सर्वोपरि रखा जाना चाहिए। सुरजीत सिंह भैल ने पंजाब सरकार से मांग की कि प्रदेश में बढ़ रही सामाजिक बुराइयों, नशा तस्करी, गैंगस्टरवाद और आपराधिक गतिविधियों पर तत्काल प्रभाव से कठोर कार्रवाई की जाए तथा कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएं। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि सरकार ने अपनी कार्यप्रणाली में सुधार नहीं किया तो पंजाब की जनता आने वाले समय में इसका करारा जवाब देगी। उन्होंने कहा कि बहुजन समाज पार्टी हमेशा पंजाब की जनता की आवाज बनकर उनके अधिकारों, सुरक्षा और प्रदेश के उज्ज्वल भविष्य के लिए संघर्ष करती रहेगी तथा किसी भी कीमत पर पंजाब की अमन-शांति के साथ खिलवाड़ नहीं होने देगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *