Home / Uncategorized / दुद्धी-महुली मार्ग पर स्कूली बच्चों व ग्रामीणों से खचाखच भरी पिकअप दौड़ी

दुद्धी-महुली मार्ग पर स्कूली बच्चों व ग्रामीणों से खचाखच भरी पिकअप दौड़ी

पूर्वांचल राज्य संवाददाता: दीपू तिवारी

सोनभद्र। दुद्धी थाना क्षेत्र में शनिवार को दुद्धी-महुली एवं जोरकाहू मार्ग पर यातायात नियमों की खुलेआम अनदेखी का मामला सामने आया। दोपहर करीब तीन बजे संचालित एक पिकअप वाहन में स्कूली छात्र-छात्राओं के साथ बड़ी संख्या में ग्रामीण यात्रियों को क्षमता से अधिक बैठाकर ले जाया जा रहा था।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पिकअप वाहन के पीछे कई छात्र और ग्रामीण लटककर सफर कर रहे थे, जबकि छात्राओं सहित अन्य यात्रियों को भी बेहद असुरक्षित तरीके से बैठाया गया था। लोगों का कहना है कि चालक ने सुरक्षा मानकों की अनदेखी करते हुए वाहन में निर्धारित क्षमता से अधिक सवारियां बैठा रखी थीं, जिससे यात्रियों की जान जोखिम में पड़ गई। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस मार्ग पर मालवाहक वाहनों से स्कूली बच्चों और ग्रामीणों का परिवहन लंबे समय से किया जा रहा है। उनका आरोप है कि आए दिन क्षमता से अधिक सवारियां भरकर वाहन संचालित किए जाते हैं, जिससे कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। इसके बावजूद संबंधित विभाग और प्रशासन की ओर से प्रभावी कार्रवाई नहीं होने से यह सिलसिला लगातार जारी है ग्रामीणों ने जिला प्रशासन और परिवहन विभाग से मामले की जांच कर संबंधित वाहन चालक एवं संचालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि स्कूली बच्चों और आम यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए ऐसे मामलों पर तत्काल रोक लगाई जानी चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *