धानापुर पुलिस ने ‘ऑपरेशन वज्रपात’ के तहत एक युवक को गिरफ्तार किया है। उस पर एक नाबालिग को डरा-धमकाकर लाखों रुपये वसूलने का आरोप है। आरोपी ने सोशल मीडिया पर गैंगस्टर जैसी छवि बनाकर नाबालिग से लगभग 6 लाख रुपये नकद और 27,500 रुपये ऑनलाइन ठगे थे।
पुलिस के अनुसार, आरोपी आयुष कुमार पुत्र गोपाल कुमार मौर्या निवासी कस्बा धानापुर ने इंस्टाग्राम पर “Mr. Rifle Guru-7171” नाम से आईडी बनाई थी। इस प्रोफाइल पर उसने “रंगदारी हमारे खून में है प्रशासन हमें क्या करेगा जब हम खुद प्रशासन हैं” जैसे आपत्तिजनक और भय उत्पन्न करने वाले संदेश लिखे थे, जिससे समाज में दहशत का माहौल बन गया था।
एक महिला ने धानापुर थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि उनके नाबालिग बेटे को आयुष कुमार फेसबुक और इंस्टाग्राम के माध्यम से डराता-धमकाता था। आरोपी ने नाबालिग को जान से मारने और उसके माता-पिता को जेल भिजवाने की धमकी देकर ये पैसे वसूले थे।
तहरीर के आधार पर धानापुर थाने में मु0अ0सं0 125/2026 धारा 308(5), 316, 351(3), 352 बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। उच्चाधिकारियों के निर्देश पर प्रभारी निरीक्षक सूर्य प्रकाश मिश्र के नेतृत्व में धानापुर पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर शनिवार को आरोपी आयुष कुमार को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ के दौरान, अभियुक्त आयुष कुमार ने बताया कि उसने “Mr. Rifle Guru-7171” नाम से इंस्टाग्राम आईडी बनाई थी, जिसमें रंगदारी और प्रशासन को चुनौती देने वाले शब्द लिखे थे। उसने चार पहिया वाहन खरीदने और अपने शौक पूरे करने के उद्देश्य से पड़ोस के नाबालिग को धमकाया था। उसने स्वीकार किया कि उसने नाबालिग के माता-पिता को जान से मारने और जेल भिजवाने की धमकी देकर 6 लाख रुपये नकद और 27,500 रुपये ऑनलाइन प्राप्त किए थे, जिन्हें उसने अपने निजी शौक और घूमने-फिरने में खर्च कर दिया। अभियुक्त ने अपने कृत्य पर खेद व्यक्त करते हुए गलती स्वीकार की।
गिरफ्तार अभियुक्त के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्यवाही करते हुए उसे माननीय न्यायालय भेजा जा रहा है। गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक सूर्य प्रकाश मिश्र, उपनिरीक्षक चन्देश्वर सिंह, कांस्टेबल मनोज कुमार और कांस्टेबल शमशीद शामिल थे।










