चंदौली जिले के धानापुर कस्बे में ग्रामीण शिक्षा गुरुकुल द्वारा ‘हर घर नवोदय’ अभियान के तहत नवोदय विद्यालय प्रवेश परीक्षा की तैयारी के लिए एक विशेष परीक्षा का आयोजन किया गया। इसमें सैकड़ों छात्रों ने भाग लिया।
यह परीक्षा धानापुर कस्बा के नहर ब्लॉक स्थित सम्राट कटरा में आयोजित की गई थी। परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्रों को सम्मानित किया गया।
परीक्षा में चांदनी राय और वर्षा ने संयुक्त रूप से प्रथम स्थान प्राप्त किया। श्रेया श्रीवास्तव द्वितीय स्थान पर रहीं, जबकि सूरज ने तृतीय स्थान हासिल किया। श्रेया मौर्या ने चौथा और आशुतोष ने पांचवां स्थान प्राप्त किया।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित ग्राम प्रधान राम जी कुशवाहा ने ग्रामीण शिक्षा गुरुकुल के संचालक अनुज मौर्य के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि अनुज मौर्य गरीब बच्चों को नवोदय विद्यालय में चयनित कराने के लिए लगातार प्रयास कर रहे हैं, जो अत्यंत सराहनीय है।
कुशवाहा ने आगे कहा कि इन प्रयासों से ग्रामीण अंचल के बच्चे नवोदय विद्यालय में जाकर अपने माता-पिता और क्षेत्र का नाम रोशन करेंगे।
विशिष्ट अतिथि डॉ. एमके बिंद ने पूरी टीम का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों को सही मार्गदर्शन न मिलने के कारण वे पिछड़े रह जाते हैं। उन्होंने ग्रामीण शिक्षा गुरुकुल के प्रयासों को सराहनीय बताया, जिससे मेधावी बच्चों को आगे बढ़ने का अवसर मिल रहा है।
डॉ. बिंद ने कहा कि ऐसे प्रयासों से क्षेत्र की प्रतिभाओं को अच्छे विद्यालयों में दाखिला मिलने में काफी सहायता मिलेगी।
इस मौके पर मुख्य रूप से मोहन यादव, मुकेश दुबे,महेश मिश्रा, मृत्युंजय मौर्य, जयप्रकाश मौर्य, मुकेश मौर्य, चंदन सर और पीयूष सर सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।










