Home / Uncategorized / जनता के निर्देश पर राजनीति में आया,अवसर मिला तो चिल्लूपार की तस्वीर बदल दूंगा : दुर्गेश मदन यादव

जनता के निर्देश पर राजनीति में आया,अवसर मिला तो चिल्लूपार की तस्वीर बदल दूंगा : दुर्गेश मदन यादव

पूर्वांचल राज्य ब्यूरो

गोरखपुर: चिल्लूपार विधानसभा क्षेत्र से आगामी चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहे समाजसेवी दुर्गेश मदन यादव ने रविवार को बड़हलगंज स्थित एक मैरेज हॉल में पत्रकार वार्ता कर अपने राजनीतिक इरादों और क्षेत्र के विकास को लेकर अपनी प्राथमिकताओं को साझा किया। उन्होंने कहा कि राजनीति में आने का उनका उद्देश्य केवल जनसेवा है और जनता की आवाज को सदन तक पहुंचाना उनकी पहली जिम्मेदारी होगी।

प्रेस वार्ता की शुरुआत बिरहा गायक दीपक यादव ने पत्रकारों का स्वागत करते हुए की। उन्होंने कहा कि जनता की आवाज को बुलंद करने और क्षेत्र के विकास को नई दिशा देने के उद्देश्य से दुर्गेश मदन यादव जनसंपर्क अभियान चला रहे हैं।

पत्रकारों से बातचीत में दुर्गेश मदन यादव ने कहा कि राजनीति में आने का निर्णय उनका व्यक्तिगत नहीं, बल्कि जनता और उनके समर्थकों की इच्छा का परिणाम है। उन्होंने कहा कि देश और विदेश में रहने वाले उनके साथियों तथा क्षेत्र की जनता ने उन्हें चुनाव लड़ने के लिए प्रेरित किया। यदि जनता उन्हें प्रतिनिधित्व का अवसर देती है तो वह क्षेत्र की हर समस्या को विधानसभा में मजबूती से उठाएंगे।

उन्होंने कहा कि उनके पिता समाजवादी विचारधारा से जुड़े रहे हैं, लेकिन उन्होंने निर्दलीय चुनाव लड़ने का निर्णय लिया है। इसके पीछे उन्होंने कारण बताते हुए कहा कि वर्षों तक सामाजिक कार्यक्रम आयोजित करने के बावजूद उन्हें किसी राजनीतिक दल का अपेक्षित सहयोग नहीं मिला। उन्होंने दावा किया कि सामूहिक विवाह जैसे सामाजिक आयोजनों में उन्होंने बिना किसी राजनीतिक लाभ की भावना के समाज के जरूरतमंद लोगों की मदद की, लेकिन उस समय अधिकांश राजनीतिक दलों ने सहयोग नहीं किया।

दुर्गेश मदन यादव ने कहा कि यदि उन्हें जनता का समर्थन मिलता है तो उनकी प्राथमिकताओं में क्षेत्र में उच्च गुणवत्ता वाला विद्यालय स्थापित कराना, गरीब परिवारों की बेटियों के विवाह में सहयोग, किसानों, बेरोजगार युवाओं और जरूरतमंदों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाना शामिल होगा। उन्होंने कहा कि उन्होंने बिना किसी राजनीतिक पद के समाजहित में जो कार्य किए हैं, वे कई जनप्रतिनिधि पद पर रहते हुए भी नहीं कर सके।

उन्होंने सामाजिक न्याय के मुद्दे पर भी अपनी बात रखते हुए कहा कि समाज में केवल महापुरुषों के नाम पर राजनीति करने के बजाय उनके विचारों को व्यवहार में उतारने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि सामूहिक विवाह समारोह में बड़ी संख्या में अनुसूचित जाति की बेटियों का विवाह कराया गया, लेकिन उस समय उनके नाम पर राजनीति करने वाले कई लोग आगे नहीं आए।

सरयू नदी के कटान का मुद्दा उठाते हुए दुर्गेश मदन यादव ने कहा कि उरुवा से लेकर बड़हलगंज और चिल्लूपार विधानसभा के अंतिम छोर तक कई गांव वर्षों से कटान की समस्या झेल रहे हैं। यदि उन्हें जनता का आशीर्वाद मिला तो वह सबसे पहले प्रभावित गांवों का निरीक्षण करेंगे और स्थायी समाधान के लिए शासन-प्रशासन तथा विधानसभा में मजबूती से आवाज उठाएंगे।इस दौरान छोटेलाल यादव ज्येष्ठ ब्लॉक प्रमुख, संगम उर्फ गुड्डु यादव, नित्या सिंह, समाजसेवी अमरनाथ यादव, क्षेत्र पंचायत सदस्य राजेश यादव, हरी लाल, सर्वजीत उर्फ निक्कू समेत काफी संख्या में लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *