वीडियो में बोली थी- “पति ने जहर दिया,सास करती थी मारपीट”; मौत के बाद परिजनों ने दी तहरीर, जांच में जुटी पुलिस
पूर्वांचल राज्य ब्यूरो
गोरखपुर। सोशल मीडिया पर ससुरालियों पर जहर देकर मारने का आरोप लगाते हुए एक विवाहिता का वीडियो वायरल होने के महज 24 घंटे बाद उसकी मौत हो गई। वीडियो में महिला ने अपने पति और सास पर मारपीट करने तथा जबरन जहर देने का गंभीर आरोप लगाया था। महिला की मौत के बाद मामला तूल पकड़ गया है। परिजनों ने गोला पुलिस को तहरीर देकर पति और सास के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
वायरल वीडियो में महिला ने कहा था कि मेरी सास मेरे साथ मारपीट करती थी। मेरे पति ने मुझे जहर दिया है। जहर देने के बाद मुझे गोरखपुर में भर्ती कराया गया। बाद में मेरे पिता मुझे आजमगढ़ ले आए, जहां मेरा इलाज चल रहा है, लेकिन मेरी तबियत ठीक नहीं हो रही है। यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ था। वीडियो वायरल होने के बाद महिला की हालत और बिगड़ गई। परिजन उसे इलाज के लिए लखनऊ के एक निजी अस्पताल ले गए, जहां 17 जुलाई की रात को उसकी मौत हो गई। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
मृतका की मां जहरूननिशा पत्नी सुभान अली, निवासी ग्राम कादीपुर, थाना रौनापार, जनपद आजमगढ़ ने 17 जुलाई को गोला पुलिस को तहरीर देकर बताया कि उनकी पुत्री तराना बानो की शादी नगर पंचायत गोला की टीचर कॉलोनी निवासी नाजिम अली पुत्र इन्नल खलीफा से हुई थी। दंपती के तीन बच्चे हैं।
तहरीर के अनुसार, 27 जून को पति और सास ने तराना बानो के साथ मारपीट की और जबरन जहरीला पदार्थ पिला दिया। हालत बिगड़ने पर पहले बड़हलगंज और गोरखपुर में इलाज कराया गया। बाद में मायके वाले उसे आजमगढ़ ले गए और फिर पति व सास लखनऊ के मेडबिल अस्पताल में लेकर चलें गयें जहां उपचार चल रहा तहरीर में यह भी कहा गया है कि डॉक्टरों ने उसकी हालत गंभीर बताई थी। मृतका का बयान वाला वीडियो भी परिजनों के पास मौजूद है, जिसमें उसने स्वयं पति और सास पर जहर देने का आरोप लगाया है।










