*कार्यदायी संस्था को मैनपावर व मशीनरी बढ़ाकर समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निर्माण पूरा करने के निर्देश
पूर्वांचल राज्य/चंदौली
चंदौली।जनपद में निर्माणाधीन नए न्यायालय भवन का सोमवार को जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग ने औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्माण कार्य की धीमी प्रगति पर नाराजगी जताते हुए कार्यदायी संस्था को मैनपावर और मशीनरियों की संख्या तत्काल बढ़ाकर निर्माण कार्य में तेजी लाने के कड़े निर्देश दिए। साथ ही निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण निर्माण कार्य पूरा करने पर जोर दिया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने निर्माणाधीन परिसर के विभिन्न खंडों, न्यायालय कक्षों, अधिवक्ताओं के बैठने की व्यवस्था तथा वादकारियों और आमजन के लिए विकसित की जा रही सुविधाओं का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने मौके पर मौजूद अभियंताओं एवं कार्यदायी संस्था के प्रतिनिधियों से निर्माण की प्रगति और उपयोग की जा रही निर्माण सामग्री की गुणवत्ता की जानकारी ली।
जिलाधिकारी ने कहा कि निर्माण कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने निर्देश दिए कि उच्च गुणवत्ता वाली सामग्री का ही उपयोग किया जाए और परियोजना को तय समय-सीमा के भीतर पूरा किया जाए, ताकि जल्द से जल्द अधिवक्ताओं, वादकारियों एवं आम जनता को नए न्यायालय भवन की सुविधाएं उपलब्ध हो सकें। उन्होंने संबंधित विभागीय अधिकारियों को नियमित रूप से स्थल का निरीक्षण कर कार्य की प्रगति की समीक्षा करने के निर्देश भी दिए।
उन्होंने नए न्यायालय परिसर में पेयजल, शौचालय, पार्किंग और प्रतीक्षारत लोगों के लिए बैठने की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के साथ ही परिसर में हरियाली विकसित करने और सभी सुरक्षा मानकों का पालन कराने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान संबंधित विभाग के अधिशासी अभियंता, कार्यदायी संस्था के प्रतिनिधि तथा अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।










