पूर्वांचल राज्य संवाददाता : दीपु तिवारी
सोनभद्र रेणुकूट, 22 जुलाई। आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों के मद्देनजर भारतीय जनता पार्टी ने रेणुकूट में 351 बूथ अध्यक्षों का सम्मेलन आयोजित किया। सम्मेलन में संगठन को बूथ स्तर तक सशक्त बनाने तथा चुनावी रणनीति पर विस्तार से मंथन किया गया।
सम्मेलन के मुख्य अतिथि भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष सुरेश मौर्य ने बूथ अध्यक्षों को संबोधित करते हुए कहा कि चुनाव में जीत का सबसे मजबूत आधार सशक्त बूथ संगठन होता है। उन्होंने सभी बूथ अध्यक्षों से अपने-अपने बूथ को और अधिक मजबूत बनाने का आह्वान किया।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से निष्क्रिय सदस्यों से व्यक्तिगत संपर्क कर उन्हें पुनः सक्रिय करने पर जोर दिया। साथ ही प्रत्येक बूथ पर पन्ना प्रमुखों से नियमित संवाद स्थापित कर उन्हें अपनी जिम्मेदारियों का प्रभावी ढंग से निर्वहन करने के लिए प्रेरित करने की बात कही। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि मजबूत बूथ संगठन के बल पर पार्टी आगामी विधानसभा चुनाव में निश्चित रूप से बेहतर प्रदर्शन करेगी।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि के माल्यार्पण एवं स्वागत के साथ हुआ। प्रदेश सरकार के मंत्री संजीव गोंड़ ने सम्मेलन में उपस्थित सभी 351 बूथ अध्यक्षों को अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया। उन्होंने कार्यकर्ताओं से पूरी निष्ठा, समर्पण और अनुशासन के साथ चुनाव की तैयारियों में जुटने का आह्वान किया।
मंत्री संजीव गोंड़ ने कहा कि केंद्र एवं प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाना प्रत्येक कार्यकर्ता का दायित्व है, ताकि आम जनता तक सरकार की उपलब्धियां पहुंच सकें।
सम्मेलन में हरिराम छवि, आशीष मिश्रा, सुनील तिवारी, चाँदप्रकाश जैन, राकेश पांडेय और मनोज सिंह सहित कई वरिष्ठ नेताओं ने भी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए संगठन की मजबूती और चुनावी तैयारियों पर अपने विचार व्यक्त किए।
कार्यक्रम का संचालन एवं समन्वय कार्यक्रम प्रभारी उमेश पटेल ने किया। इस अवसर पर राकेश सिंह, प्रभाशंकर मिश्रा सहित ओबरा, रेणुकूट, अनपरा और दुद्धी मंडलों के मंडल अध्यक्ष, बड़ी संख्या में पदाधिकारी, बूथ अध्यक्ष, पन्ना प्रमुख एवं पार्टी कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
सम्मेलन में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने तथा प्रत्येक कार्यकर्ता को सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प दोहराया गया।










