चंदौली जिले के धानापुर कस्बे में जहरीले सांप के काटने से एक तीन वर्षीय बालक की मौत हो गई। मृतक की पहचान पवन सेठ के बेटे रघुनाथ सेठ के रूप में हुई है। इस घटना से परिजनों में गहरा सदमा है।
मंगलवार रात करीब 9 बजे बालक रघुनाथ अपने घर के बाहर खेल रहा था। इसी दौरान बगल में रखे करकट में छिपे एक जहरीले सांप ने उसे डस लिया। सांप के डसते ही बालक अचेत हो गया और देखते ही देखते विष पूरे शरीर में फैल गया।
परिजनों को पहले किसी विषैले जंतु के काटने की आशंका हुई। बाद में सीसीटीवी फुटेज देखने पर सांप के डंक मारने की पुष्टि हुई। परिजन तत्काल बालक को लेकर चिकित्सक के पास पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे आगे रेफर कर दिया गया।
इसके बाद परिजन बालक को सकलडीहा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बेटे की मौत से मां अनामिका सेठ, दादा श्यामनारायण सेठ और बड़े पापा विष्णु सेठ सहित अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक की एक बड़ी बहन कुहू, जिसकी उम्र लगभग 6 वर्ष है, वह भी इस घटना से सदमे में है।
मृतक के बड़े पापा विष्णु सेठ ने बताया कि मंगलवार रात करीब 9 बजे सांप के काटने से उनके भतीजे की मौत हो गई थी। बुधवार सुबह नरौली गंगा घाट पर उसका अंतिम संस्कार किया गया। घटना की रात ही सपेरे को बुलाकर सांप को पकड़ा गया और उसे कहीं दूर जंगल में छोड़ दिया गया।









