पूर्वांचल राज्य ब्यूरो
महराजगंज ( घुघली) पल्टू मिश्रा
महराजगंज। सिविल कोर्ट बार एसोसिएशन, महराजगंज का एक प्रतिनिधिमंडल सुबह करीब 8:30 बजे प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मिला। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने अधिवक्ताओं की मूलभूत सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए आधुनिक बार सभागार एवं पुस्तकालय भवन के निर्माण की मांग रखी।
बार एसोसिएशन के अध्यक्ष धीरेन्द्र मिश्रा के नेतृत्व में पहुंचे प्रतिनिधिमंडल में पूर्व अध्यक्ष रमेश मिश्रा, पूर्व महामंत्री एवं जिला शासकीय अधिवक्ता (फौजदारी) बृजेंद्र नाथ त्रिपाठी तथा वरिष्ठ अधिवक्ता मनोज कुमार सिंह शामिल रहे। प्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री को बताया कि वर्तमान में अधिवक्ताओं को बैठकों, अध्ययन एवं न्यायिक कार्यों के संचालन में कई प्रकार की असुविधाओं का सामना करना पड़ता है, जिसे दूर करने के लिए आधुनिक सुविधाओं से युक्त बार सभागार और समृद्ध पुस्तकालय अत्यंत आवश्यक है।
प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि बार सभागार और पुस्तकालय के निर्माण से न केवल अधिवक्ताओं को बेहतर कार्य वातावरण मिलेगा, बल्कि न्यायिक प्रक्रिया भी अधिक सुचारु और प्रभावी हो सकेगी।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रतिनिधिमंडल की मांग को गंभीरता से सुनते हुए सकारात्मक आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि बार सभागार एवं पुस्तकालय निर्माण के लिए सरकार पूर्ण सहयोग प्रदान करेगी और आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी।
मुख्यमंत्री के इस आश्वासन के बाद अधिवक्ताओं में खुशी का माहौल है। सिविल कोर्ट बार एसोसिएशन, महराजगंज ने मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त करते हुए उनके सहयोग के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया।
बार एसोसिएशन के महामंत्री प्रमोद कुमार त्रिपाठी, एडवोकेट ने बताया कि मुख्यमंत्री के सकारात्मक रुख से जनपद के अधिवक्ताओं में नई उम्मीद जगी है। उन्होंने विश्वास जताया कि शीघ्र ही निर्माण कार्य शुरू होने से अधिवक्ताओं को आधुनिक सुविधाएं मिलेंगी और न्यायिक व्यवस्था को और मजबूती मिलेगी।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मिला सिविल कोर्ट बार एसोसिएशन का प्रतिनिधिमंडल, बार सभागार व पुस्तकालय निर्माण का मिला आश्वासन










