अमरोहा में अनोखी शादी का मामला चर्चा में, सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के बाद हिंदू संगठनों ने जताई आपत्ति
उत्तर प्रदेश के अमरोहा जिले से शादी का एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने सोशल मीडिया से लेकर स्थानीय स्तर तक बहस छेड़ दी है। हसनपुर क्षेत्र के धौरिया गांव की तीन सगी बहनों ने एक ही युवक के साथ विवाह कर लिया। तीनों बहनों ने चामुंडा माता मंदिर में अग्नि को साक्षी मानकर शादी की, जिसका वीडियो सामने आने के बाद विवाद शुरू हो गया।
जानकारी के मुताबिक, 17 जुलाई को सरोज (20), सावित्री (19) और संतोष (18) ने श्यामपुरी गांव के रहने वाले विकास उर्फ विक्की से शादी की। विकास पेशे से कैमरामैन है और सोशल मीडिया पर रील बनाने वाली इन बहनों के साथ पिछले कुछ समय से जुड़ा हुआ था। बताया जा रहा है कि तीनों बहनें सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर काफी सक्रिय हैं और उनके लाखों फॉलोअर्स हैं।
वायरल वीडियो में युवक को तीनों बहनों की मांग में सिंदूर भरते हुए देखा गया। इसके बाद तीनों बहनों ने उसके पैर छूकर आशीर्वाद लिया। हालांकि, शादी के दौरान दोनों पक्षों के परिवार का कोई सदस्य मौजूद नहीं था। मंदिर प्रबंधन का कहना है कि जिस समय यह घटना हुई, वहां जीर्णोद्धार का काम चल रहा था और कोई पुजारी मौजूद नहीं था।
शादी का वीडियो वायरल होने के बाद कुछ हिंदू संगठनों और स्थानीय लोगों ने इसे सामाजिक परंपराओं के खिलाफ बताया। विवाद बढ़ने पर तीनों बहनों ने एक वीडियो जारी कर अपनी बात रखी।
बहनों ने कहा कि वे बचपन से ही एक-दूसरे के बेहद करीब रही हैं और परिवार की ओर से अलग-अलग जगह शादी की बात चल रही थी। उन्होंने अलग होने के बजाय एक साथ रहने का फैसला लिया और अपनी इच्छा से यह विवाह किया।
विरोध करने वालों को जवाब देते हुए उन्होंने राजा दशरथ का उदाहरण दिया। बहनों ने कहा, “पुराने समय में राजा दशरथ की भी तीन रानियां थीं। हम तीनों बालिग हैं और अपनी मर्जी से यह फैसला लिया है। अगर हम खुश हैं तो किसी को आपत्ति नहीं होनी चाहिए।”
हसनपुर कोतवाली पुलिस के मुताबिक, तीनों युवतियों ने पूछताछ में बताया है कि उन्होंने अपनी इच्छा से शादी की है और वे बालिग हैं। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और सभी पहलुओं की जानकारी जुटाई जा रही है।









