पूर्वांचल राज्य संवाददाता : दीपु तिवारी
सोनभद्र रेणुकूट स्थित हिंडालको कॉलोनी परिसर में स्टॉप वाटर के समीप स्थित क्वार्टर संख्या टी-420 में शुक्रवार शाम करीब 6 बजे एक नवविवाहिता के फांसी के फंदे से लटके मिलने की सूचना से पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग मौके पर एकत्र हो गए और इसकी सूचना तत्काल थाना पिपरी पुलिस को दी गई।सूचना मिलते ही थाना पिपरी पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस ने घटनास्थल से मिले सभी महत्वपूर्ण तथ्यों को सुरक्षित करते हुए आगे की विधिक कार्रवाई प्रारंभ कर दी है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मृतका का विवाह हाल ही में हुआ था। स्थानीय लोगों के अनुसार, घटना के समय उसका पति किसी कार्य से डाल्टनगंज गया हुआ था और घर पर मौजूद नहीं था। हालांकि, इस संबंध में पुलिस की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। पुलिस सभी तथ्यों की जांच कर रही है।घटना की सूचना मिलते ही मृतका के परिजनों को अवगत करा दिया गया। उनके पहुंचने के बाद पंचनामा एवं अन्य आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की गई। इसके उपरांत शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई की गई।पुलिस आत्महत्या सहित सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है। घटना के कारणों का पता लगाने के लिए परिजनों, पड़ोसियों और अन्य संबंधित लोगों से पूछताछ की जा रही है। साथ ही पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच रिपोर्ट का भी इंतजार किया जा रहा है। जांच पूरी होने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट रूप से पता चल सकेगा।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की निष्पक्ष एवं गहन जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।










