पूर्वांचल राज्य संवाददाता : दीपु तिवारी
सोनभद्र रॉबर्ट्सगंज। चुर्क क्षेत्र में लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के अंतर्गत कराए जा रहे सड़क निर्माण एवं रोड मार्किंग कार्य के दौरान घरेलू एलपीजी गैस सिलेंडरों के कथित इस्तेमाल का मामला सामने आया है। मामले को लेकर स्थानीय लोगों ने आपत्ति जताते हुए निष्पक्ष जांच और दोषियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की मांग की है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि सड़क पर सफेद पट्टी (रोड मार्किंग) करने वाली मशीनों में घरेलू गैस सिलेंडरों का उपयोग किया जा रहा था, जबकि इस प्रकार के कार्यों में वाणिज्यिक (कॉमर्शियल) एलपीजी सिलेंडरों का उपयोग किया जाना चाहिए। इससे गैस वितरण व्यवस्था और नियमों के पालन को लेकर सवाल उठ रहे हैं।
मौके पर कार्यरत कुछ कर्मचारियों ने बताया कि रोड मार्किंग मशीन के संचालन के लिए दो गैस सिलेंडरों की आवश्यकता होती है तथा उन्हें संबंधित सिलेंडर ठेकेदार द्वारा उपलब्ध कराए गए थे। कर्मचारियों ने यह भी दावा किया कि रॉबर्ट्सगंज क्षेत्र में घरेलू गैस सिलेंडर अधिक कीमत देकर आसानी से मिल जाते हैं। हालांकि, इस दावे की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है।
यह आरोप सही पाए जाते हैं कि सरकारी अथवा व्यावसायिक कार्य में घरेलू एलपीजी सिलेंडरों का उपयोग किया गया है, तो यह गैस वितरण व्यवस्था से संबंधित नियमों के उल्लंघन का मामला हो सकता है। स्थानीय लोगों ने जिला प्रशासन, लोक निर्माण विभाग तथा संबंधित गैस एजेंसियों से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की मांग की है










