अमृतसर, 26 जुलाई – (राजू वालिया) – बढ़ती जीवनशैली संबंधी बीमारियों और मोटापे के प्रति लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से मैश प्रोलाइफ हॉस्पिटल, लुधियाना एवं रोटरी क्लब अमृतसर वेस्ट के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित मोटापा एवं वजन घटाने संबंधी जागरूकता कार्यक्रम एवं इंटरएक्टिव सेशन को लोगों का भरपूर समर्थन प्राप्त हुआ। हॉलिडे इन, रंजीत एवेन्यू, अमृतसर में आयोजित इस विशेष कार्यक्रम में शहर के विभिन्न वर्गों से जुड़े 150 से अधिक लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और स्वास्थ्य विशेषज्ञों से मोटापे, उसके दुष्प्रभावों तथा आधुनिक उपचार पद्धतियों के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी हासिल की। कार्यक्रम के मुख्य वक्ता मैश प्रोलाइफ हॉस्पिटल, लुधियाना के निदेशक एवं मुख्य सलाहकार (लेप्रोस्कोपिक, गैस्ट्रोइंटेस्टाइनल एवं बैरिएट्रिक सर्जरी) डॉ. हरप्रीत सिंह जॉली ने उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि वर्तमान समय में मोटापा एक वैश्विक स्वास्थ्य चुनौती बन चुका है। उन्होंने कहा कि अधिकांश लोग मोटापे को केवल शारीरिक बनावट या सौंदर्य से जोड़कर देखते हैं, जबकि चिकित्सा विज्ञान की दृष्टि से यह एक गंभीर बीमारी है, जो अनेक जानलेवा और दीर्घकालिक स्वास्थ्य समस्याओं को जन्म देती है। डॉ. जॉली ने विस्तारपूर्वक जानकारी देते हुए बताया कि मोटापा मधुमेह (डायबिटीज), उच्च रक्तचाप, हृदय रोग, फैटी लिवर, जोड़ों के दर्द, स्लीप एपनिया, महिलाओं में पीसीओडी (पॉलीसिस्टिक ओवेरियन डिजीज), बांझपन एवं अन्य हार्मोनल विकारों का प्रमुख कारण बन सकता है। उन्होंने कहा कि यदि समय रहते इस समस्या पर ध्यान न दिया जाए, तो यह व्यक्ति के शारीरिक, मानसिक और सामाजिक जीवन को प्रभावित कर सकती है उन्होंने स्वस्थ जीवनशैली अपनाने पर विशेष बल देते हुए कहा कि संतुलित एवं पौष्टिक आहार, नियमित व्यायाम, पर्याप्त नींद तथा तनावमुक्त जीवनशैली अपनाकर मोटापे को काफी हद तक नियंत्रित किया जा सकता है। साथ ही उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि जिन मरीजों का वजन डाइट और एक्सरसाइज से नियंत्रित नहीं हो पाता, उनके लिए आधुनिक बैरिएट्रिक सर्जरी एक सुरक्षित, प्रभावी और वैज्ञानिक उपचार विकल्प के रूप में उपलब्ध है। उन्होंने बैरिएट्रिक सर्जरी से जुड़ी भ्रांतियों को भी दूर करते हुए कहा कि यह प्रक्रिया प्रशिक्षित विशेषज्ञों की देखरेख में पूरी तरह सुरक्षित होती है और इससे मरीजों के जीवन की गुणवत्ता में उल्लेखनीय सुधार देखा गया है। कार्यक्रम के दौरान आयोजित इंटरएक्टिव सत्र में प्रतिभागियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। लोगों ने वजन कम करने के उपाय, महिलाओं की हार्मोनल समस्याएं, पीसीओडी, बांझपन, स्लीप एपनिया, मोटापे के कारण होने वाली अन्य बीमारियों तथा बैरिएट्रिक सर्जरी से संबंधित अनेक प्रश्न पूछे। विशेषज्ञों ने सभी प्रश्नों के उत्तर सरल एवं सहज भाषा में देते हुए लोगों को वैज्ञानिक तथ्यों से अवगत कराया। इस अवसर पर रोटरी क्लब अमृतसर वेस्ट के अध्यक्ष रोटेरियन सावन अरोड़ा एवं सचिव रोटेरियन ऋषभ कपूर ने कहा कि आज के समय में बदलती जीवनशैली के कारण मोटापा और अन्य गैर-संचारी रोग तेजी से बढ़ रहे हैं। ऐसे में समाज को जागरूक करने के लिए स्वास्थ्य संबंधी कार्यक्रमों का आयोजन अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि मैश प्रोलाइफ हॉस्पिटल द्वारा किया जा रहा यह प्रयास न केवल सराहनीय है, बल्कि समाज को स्वस्थ और जागरूक बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम भी है। उन्होंने भविष्य में भी इसी प्रकार के जनहित कार्यक्रम आयोजित करने की प्रतिबद्धता व्यक्त की।कार्यक्रम के समापन पर उपस्थित लोगों ने विशेषज्ञ चिकित्सकों से व्यक्तिगत स्वास्थ्य परामर्श प्राप्त किया तथा स्वस्थ जीवनशैली को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने का संकल्प लिया। आयोजकों ने कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी अतिथियों, प्रतिभागियों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त किया।.उल्लेखनीय है कि कार्यक्रम में लोगों की उत्साहपूर्ण भागीदारी ने यह साबित कर दिया कि समाज में मोटापे और उससे जुड़ी स्वास्थ्य समस्याओं के प्रति जागरूकता बढ़ रही है तथा लोग अब स्वास्थ्य के प्रति पहले की अपेक्षा अधिक सजग हो रहे हैं।
इस अवसर पर डॉ. वरिंदर शर्मा, डॉ. विवेक सांगर, लायन राकेश चड्ढा (लायंस क्लब), जसप्रीत ग्रोवर, गौरव शर्मा, जतिन खन्ना, रमिंदर ग्रोवर, राजेश खन्ना एवं इंजीनियर पी.एस. ग्रोवर सहित कई गणमान्य व्यक्ति विशेष रूप से उपस्थित रहे। सभी ने लोगों से नियमित स्वास्थ्य जांच करवाने, संतुलित भोजन ग्रहण करने, प्रतिदिन व्यायाम करने तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की अपील करते हुए कहा कि स्वस्थ नागरिक ही स्वस्थ समाज और सशक्त राष्ट्र की नींव होते हैं।
मोटापा जागरूकता सत्र को मिला अभूतपूर्व समर्थन, 150 से अधिक लोगों ने लिया भाग









