चंदौली जिले के धानापुर थाना क्षेत्र के सरया गांव में सांड के हमले से एक वृद्ध महिला की मौत हो गई। मृतका की पहचान 71 वर्षीय चंपा देवी के रूप में हुई है, जो स्वर्गीय राम नगीना यादव की पत्नी थीं।
यह घटना सोमवार दोपहर करीब 1:30 बजे की है। चंपा देवी अपने घर में कुछ काम कर रही थीं, तभी अचानक एक सांड घर में घुस आया और उन पर हमला कर दिया। हमले में महिला गंभीर रूप से घायल हो गईं।
स्थानीय लोग उन्हें तुरंत धानापुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। महिला की मौत की सूचना मिलते ही धानापुर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आगे की जांच शुरू कर दी।
मृतका चंपा देवी के चार पुत्र (कन्हैया यादव, सुनील यादव, मुन्ना यादव और कपिलदेव यादव) और एक विवाहित पुत्री (संगीता) हैं। उनके चारों पुत्र खेती कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं।
धानापुर पुलिस ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए पंचनामा की कार्रवाई पूरी की। धानापुर थाना प्रभारी सूर्य प्रकाश मिश्रा ने बताया कि सरया गांव की वृद्ध महिला की सांड के हमले से मौत हुई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए पंडित कमलापति त्रिपाठी जिला संयुक्त चिकित्सालय के पोस्टमार्टम हाउस भेजने की तैयारी की जा रही है।
इस घटना के बाद ग्रामीणों में छुट्टा सांडों को लेकर कड़ी नाराजगी है। ग्राम प्रधान वीरेंद्र प्रताप यादव ने बताया कि आवारा सांड किसानों की फसलों को भारी नुकसान पहुंचा रहे हैं और अब एक महिला की जान भी ले ली है। उन्होंने सरकार से पीड़ित परिवार के लिए आर्थिक मुआवजे की मांग की है।










