Home / Uncategorized / आदिवासी बस्ती में चार माह से बिजली गुल, ट्रांसफार्मर बदलने की मांग पर प्रदर्शन

आदिवासी बस्ती में चार माह से बिजली गुल, ट्रांसफार्मर बदलने की मांग पर प्रदर्शन

पूर्वांचल राज्य संवाददाता : दीपु तिवारी

चोपन (सोनभद्र)। चोपन विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत अगोरी खास के टोला करजी में स्थित प्राथमिक विद्यालय करजी तथा पृथ्वीनाथ बैगा के घर के समीप लगे दोनों विद्युत ट्रांसफार्मर पिछले चार से पांच महीनों से खराब पड़े हैं। ट्रांसफार्मर खराब होने के कारण पूरे क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति ठप हो गई है, जिससे ग्रामीणों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों के अनुसार क्षेत्र में बड़ी संख्या में गरीब एवं आदिवासी परिवार निवास करते हैं। जंगल क्षेत्र होने के कारण रात के समय घना अंधेरा छा जाता है, जिससे महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों के आवागमन व सुरक्षा पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। बिजली आपूर्ति बाधित रहने से बच्चों की पढ़ाई, पेयजल व्यवस्था और दैनिक जीवन भी बुरी तरह प्रभावित हो गया है।जानकारी मिलने पर समाजवादी युवजन सभा के प्रदेश सचिव प्रदीप यादव मौके पर पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों के साथ प्रदर्शन कर विद्युत विभाग के खिलाफ नाराजगी जताई और दोनों खराब ट्रांसफार्मरों को तत्काल बदलने की मांग की।
प्रदीप यादव ने कहा कि कई महीनों से ग्रामीण बिजली जैसी मूलभूत सुविधा से वंचित हैं, लेकिन संबंधित विभाग अब तक समस्या के समाधान के प्रति गंभीर नहीं दिख रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र दोनों ट्रांसफार्मर नहीं बदले गए तो ग्रामीणों के साथ मिलकर व्यापक आंदोलन किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन और विद्युत विभाग की होगी।
ग्रामीणों ने प्रशासन और विद्युत विभाग से मांग की कि समस्या की गंभीरता को देखते हुए प्राथमिकता के आधार पर दोनों खराब ट्रांसफार्मरों को तत्काल बदलकर क्षेत्र में निर्बाध विद्युत आपूर्ति बहाल कराई जाए, ताकि लोगों को राहत मिल सके। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *