Home / Uncategorized / बरनाला में सफाई कर्मचारियों पर लाठीचार्ज के खिलाफ बसपा का बड़ा हमला, कहा- “डंडों से नहीं दबेगी बहुजन समाज की आवाज”

बरनाला में सफाई कर्मचारियों पर लाठीचार्ज के खिलाफ बसपा का बड़ा हमला, कहा- “डंडों से नहीं दबेगी बहुजन समाज की आवाज”

अमृतसर में डीसी के माध्यम से राज्यपाल को सौंपा ज्ञापन; पंजाब सरकार को आंदोलन तेज करने की चेतावनी

अमृतसर, 28 जुलाई – (राजू वालिया) – बरनाला में अपने हकों के लिए संघर्ष कर रहे सफाई कर्मचारियों पर हुए कथित लाठीचार्ज की गूंज अब पूरे पंजाब में सुनाई दे रही है। प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में अलग-अलग संगठनों द्वारा पंजाब सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किए जा रहे हैं तथा कई स्थानों पर सरकार के पुतले भी फूंके गए। इसी कड़ी के तहत बहुजन समाज पार्टी ने भी पंजाब भर में मोर्चा खोलते हुए उपायुक्तों के माध्यम से माननीय राज्यपाल को ज्ञापन सौंपे हैं। अमृतसर में बसपा की समूची नेतृत्व टीम ने उपायुक्त दलविंदर सिंह के माध्यम से पंजाब के राज्यपाल को ज्ञापन सौंपा। इस अवसर पर बसपा के वरिष्ठ नेता सुरजीत सिंह भैल और प्रदेश सचिव तारा चंद भगत ने पंजाब सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि जिस सरकार के शासन में सफाई कर्मचारियों को न्याय की बजाय लाठियां मिलें, उसे सत्ता में बने रहने का कोई नैतिक अधिकार नहीं है। उन्होंने कहा कि बरनाला की घटना ने पंजाब सरकार का असली चेहरा बेनकाब कर दिया है। “सफाई कर्मचारी वह वर्ग है, जो प्रतिदिन समाज को स्वच्छ रखने के लिए अपनी जान जोखिम में डालता है, लेकिन आज वही कर्मचारी सरकारी दमन का शिकार हो रहे हैं। बहुजन समाज पार्टी इस अन्याय को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं करेगी।” बसपा नेताओं ने आरोप लगाया कि पंजाब सरकार ने हमेशा मजदूरों, दलितों और पिछड़े वर्गों की मांगों की अनदेखी की है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि बरनाला लाठीचार्ज मामले में जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई नहीं की गई, तो बसपा प्रदेश स्तर पर बड़ा जन आंदोलन शुरू करेगी।
सुरजीत सिंह भैल ने कहा, “बरनाला में सफाई कर्मचारियों पर हुआ अत्याचार केवल कुछ व्यक्तियों पर हमला नहीं है, बल्कि यह बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर के संविधान और सामाजिक न्याय की भावना पर प्रहार है। पंजाब सरकार को इसका जवाब देना ही होगा।”
प्रदेश सचिव तारा चंद भगत ने कहा, “लोगों की आवाज को लाठियों के बल पर दबाने वाली सरकारों का इतिहास कभी अच्छा नहीं रहा। यदि सरकार ने अपना रवैया नहीं बदला, तो आने वाले समय में हर जिले में तीव्र आंदोलन देखने को मिलेगा।”
ज्ञापन में बरनाला घटना की न्यायिक जांच कराने, लाठीचार्ज के लिए जिम्मेदार पुलिस अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने, घायल सफाई कर्मचारियों को उचित मुआवजा देने तथा उनकी लंबित मांगों को तत्काल लागू करने की मांग की गई। इस अवसर पर जिला महासचिव जगदीश दुग्गल, जगतार सिंह, राजिंदर सिंह ढीटा, कुलवंत सिंह मलियां, रमेश सिंह भंगवा, संतोष सिंह मेहता, बलविंदर सिंह नत्थूपुरिया, बूटा सिंह, बलबीर सिंह, अश्वनी, सरिंजन, वसन सिंह, काला ज्ञानी, बलदेव सिंह, रुपिंदर सिंह फौजी, बलवीर सिंह मेहता, देशराज, कमल भगत, कणश्याम, मेला राम, हरदेव कोटली, केवल सिंह सहित बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता एवं समर्थक उपस्थित थे। गौरतलब है कि बरनाला की घटना के बाद पंजाब की राजनीति एक बार फिर गरमा गई है और विपक्षी दल इस मुद्दे को लेकर सरकार को घेरने में जुट गए हैं। अब देखना यह होगा कि पंजाब सरकार बढ़ते जनाक्रोश का जवाब किस प्रकार देती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *