पूर्वांचल राज्य संवाददाता : दीपू तिवारी
सोनभद्र रेणुकूट बस स्टैंड पर रविवार रात हुई मारपीट की घटना में गंभीर रूप से घायल युवक की वाराणसी में उपचार के दौरान मंगलवार सुबह मौत हो गई। युवक की मौत के बाद पुलिस ने नामजद आरोपी समेत अन्य अज्ञात लोगों के विरुद्ध हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच तेज कर दी है पिपरी थाना प्रभारी निरीक्षक राजेश चौबे ने बताया कि वाराणसी के बच्छाव, रोहनिया निवासी प्रदीप कुमार पाल ने तहरीर देकर आरोप लगाया है कि उनके बड़े भाई संदीप कुमार पाल (36 वर्ष) कंपोजिट विद्यालय पनारी में अनुदेशक के पद पर कार्यरत थे। उनकी पत्नी बसंती हिंडालको अस्पताल में स्टाफ नर्स हैं तथा दोनों हिंडालको कॉलोनी, रेणुकूट में निवास करते थे तहरीर के अनुसार, रविवार रात संदीप कुमार पाल पान खाने के लिए रेणुकूट बस स्टैंड गए थे। इसी दौरान वहां मौजूद अजय पांडे पुत्र नरेंद्र पांडे, निवासी पांडेपुर, चकिया, बिरनो (जनपद गाजीपुर), वर्तमान पता वार्ड संख्या-8, शिवा पार्क, रेणुकूट, से किसी बात को लेकर उनका विवाद हो गया।आरोप है कि विवाद बढ़ने पर अजय पांडे ने अपने साथियों के साथ मिलकर संदीप कुमार पाल पर लाठी-डंडों, लोहे की रॉड तथा लात-घूंसों से हमला कर दिया। हमले में संदीप के सिर के दाहिनी आंख के ऊपर गंभीर चोट लगी, जिससे अत्यधिक रक्तस्राव हुआ और वह गंभीर रूप से घायल हो गए।घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तत्काल हिंडालको अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी गंभीर हालत को देखते हुए वाराणसी रेफर कर दिया, जहां उपचार के दौरान मंगलवार सुबह उनकी मौत हो गई। थाना प्रभारी निरीक्षक राजेश चौबे ने बताया कि पीड़ित पक्ष की तहरीर के आधार पर नामजद आरोपी अजय पांडे तथा कुछ अज्ञात लोगों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 105 के तहत हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है तथा मामले के सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है।









