पूर्वांचल राज्य संवाददाता : दीपू तिवारी
सोनभद्र। रेणुकूट। क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाने की दिशा में जे.डी. मल्टीस्पेशलिटी हॉस्पिटल एवं सुनीता फाउंडेशन, रेणुकूट एक महत्वपूर्ण कदम उठाने जा रहा है। अस्पताल के प्रथम स्थापना दिवस समारोह के अवसर पर 31 जुलाई 2026 (शुक्रवार) को सायं 5:00 बजे नवीन एवं अत्याधुनिक स्वास्थ्य सेवाओं का शुभारंभ किया जाएगा। इस आयोजन में क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों, समाजसेवियों, चिकित्सकों, जनप्रतिनिधियों तथा आम नागरिकों को सपरिवार आमंत्रित किया गया है। हॉस्पिटल प्रबंधन ने बताया कि स्थापना के बाद से अब तक अस्पताल में 3,200 से अधिक मरीजों का सफल उपचार किया जा चुका है। कम समय में ही अस्पताल ने गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सेवाओं, अनुभवी चिकित्सकों तथा आधुनिक उपचार सुविधाओं के माध्यम से क्षेत्रवासियों का विश्वास अर्जित किया है। मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से अस्पताल लगातार अपनी सेवाओं का विस्तार कर रहा है। प्रथम स्थापना दिवस के अवसर पर अस्पताल में अत्याधुनिक अल्ट्रासोनोग्राफी (USG) सेंटर, आधुनिक पेरिटोनियल डायलिसिस यूनिट तथा मॉडर्न पल्मोनरी फंक्शन टेस्ट (PFT) सुविधा का शुभारंभ किया जाएगा। इन नई सुविधाओं के शुरू होने से मरीजों को कई जांच एवं उपचार के लिए अन्य शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा, जिससे समय और धन दोनों की बचत होगी तथा स्थानीय स्तर पर ही बेहतर चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध हो सकेंगी। अस्पताल प्रबंधन के अनुसार, USG सेंटर के माध्यम से गर्भावस्था, पेट, लीवर, किडनी तथा अन्य आंतरिक अंगों की जांच आधुनिक तकनीक से की जा सकेगी। वहीं पेरिटोनियल डायलिसिस यूनिट किडनी रोगियों के लिए एक महत्वपूर्ण सुविधा साबित होगी, जिससे उन्हें नियमित उपचार के लिए दूर-दराज के अस्पतालों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। इसके अलावा पल्मोनरी फंक्शन टेस्ट (PFT) की सुविधा से अस्थमा, सीओपीडी तथा फेफड़ों से संबंधित अन्य बीमारियों की उन्नत एवं सटीक जांच संभव होगी हॉस्पिटल प्रबंधन ने बताया कि भविष्य में भी क्षेत्र की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए नई चिकित्सा सुविधाएं एवं विशेषज्ञ सेवाएं शुरू करने की योजना है, ताकि सोनभद्र एवं आसपास के लोगों को महानगरों जैसी स्वास्थ्य सुविधाएं स्थानीय स्तर पर उपलब्ध कराई जा सकें। यह समारोह जे.डी. मल्टीस्पेशलिटी हॉस्पिटल, शिवा पार्क, माँ काली मंदिर रोड के सामने, रेणुकूट (सोनभद्र) में आयोजित होगा। कार्यक्रम में अस्पताल की उपलब्धियों पर प्रकाश डाला जाएगा तथा नई स्वास्थ्य सेवाओं का औपचारिक शुभारंभ किया जाएगा। समारोह में डॉ. राजेश कुमार जायसवाल (अध्यक्ष, जे.डी. ग्रुप एवं सुनीता फाउंडेशन), डॉ. हिमांशी जायसवाल (प्रबंध निदेशक, जे.डी. मल्टीस्पेशलिटी हॉस्पिटल), डॉ. शिवानी जायसवाल (मुख्य कार्यकारी अधिकारी/सीईओ, जे.डी. ग्रुप) तथा डॉ. गौरव जायसवाल (मुख्य परिचालन अधिकारी/सीओओ, जे.डी. ग्रुप) सहित अस्पताल के चिकित्सक, स्वास्थ्यकर्मी एवं अनेक विशिष्ट अतिथि उपस्थित रहेंगे। हॉस्पिटल प्रबंधन ने क्षेत्र के नागरिकों से अपील की है कि वे सपरिवार कार्यक्रम में शामिल होकर प्रथम स्थापना दिवस समारोह की गरिमा बढ़ाएं तथा नई स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाने के लिए अस्पताल से जुड़ें। प्रबंधन ने विश्वास व्यक्त किया कि आने वाले समय में भी जे.डी. मल्टीस्पेशलिटी हॉस्पिटल गुणवत्तापूर्ण, सुलभ एवं आधुनिक स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करने के अपने संकल्प के साथ क्षेत्रवासियों की सेवा करता रहेगा।









