हिंडालको सीएसआर विभाग ने जीरो ब्लॉक परिसर में वाटर कूलर व आरओ सिस्टम कराया स्थापित, परियोजना प्रमुख सुरेश चंद्र बुनकर एवं सीएसआर प्रमुख अनिल झा ने किया शुभारंभ
पूर्वांचल राज्य संवाददाता : दीपू तिवारी
सोनभद्र रेणुकूट। देश के प्रमुख पर्यटन स्थलों में शामिल रिहन्द बांध पर आने वाले हजारों पर्यटकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए हिंडालको के कॉर्पोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी (सीएसआर) विभाग द्वारा एक सराहनीय पहल की गई है। रिहन्द बांध के जीरो ब्लॉक परिसर में पर्यटकों एवं आम नागरिकों के लिए शुद्ध एवं शीतल पेयजल उपलब्ध कराने हेतु आधुनिक आरओ सिस्टम एवं वाटर कूलर स्थापित कराया गया, जिसका शुभारंभ रिहन्द एवं ओबरा परियोजना के परियोजना प्रमुख सुरेश चंद्र बुनकर तथा हिंडालको के सीएसआर प्रमुख अनिल झा ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया।
इस अवसर पर परियोजना प्रमुख सुरेश चंद्र बुनकर ने कहा कि रिहन्द बांध प्रतिवर्ष हजारों पर्यटकों और स्थानीय नागरिकों का प्रमुख आकर्षण केंद्र रहता है। ऐसे में यहां आने वाले लोगों को स्वच्छ एवं शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराना समय की आवश्यकता थी। उन्होंने हिंडालको के सीएसआर विभाग की इस जनहितकारी पहल की सराहना करते हुए कहा कि इससे पर्यटकों को काफी सुविधा मिलेगी और उनकी यात्रा अधिक सुखद एवं सुरक्षित बनेगी।
सीएसआर प्रमुख अनिल झा ने कहा कि हिंडालको समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करते हुए शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, पर्यावरण एवं सामुदायिक विकास जैसे क्षेत्रों में निरंतर कार्य कर रहा है। रिहन्द बांध पर स्थापित आरओ सिस्टम एवं वाटर कूलर भी इसी सामाजिक प्रतिबद्धता का हिस्सा है, जिससे प्रतिदिन यहां आने वाले लोगों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध हो सकेगा।
कार्यक्रम में रिहन्द परियोजना के अधिशासी अभियंता शशिकांत राय, अधिशासी अभियंता (सिविल) अविनाश कुमार, आशीष कुमार गुप्ता, सीआईएसएफ के डिप्टी कमांडेंट राकेश कुमार शर्मा, अधिशासी अभियंता वी.एस. परिहार, राजेश कुमार कुत्ता, हिंडालको के सीएसआर मैनेजर सचिन सिंह सहित रिहन्द परियोजना के अनेक अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
उद्घाटन समारोह के उपरांत उपस्थित अतिथियों एवं अधिकारियों के लिए जलपान की व्यवस्था भी की गई। कार्यक्रम के दौरान सभी अतिथियों ने हिंडालको की इस पहल की सराहना करते हुए इसे पर्यटकों एवं आमजन के हित में एक महत्वपूर्ण और अनुकरणीय कदम बताया। उपस्थित लोगों ने विश्वास जताया कि इस सुविधा से रिहन्द बांध आने वाले हजारों पर्यटकों को विशेष लाभ मिलेगा और पर्यटन स्थल पर बुनियादी सुविधाओं में भी उल्लेखनीय सुधार होगा।










