चंदौली जिले में सावन के पहले दिन गंगा घाटों पर कांवरियों की भारी भीड़ उमड़ी। धानापुर क्षेत्र के नरौली गंगा घाट पर हजारों कांवरियों ने गंगा स्नान कर जलाभिषेक किया।
ब्लॉक प्रमुख अजय सिंह के नेतृत्व में कांवरियों का एक जत्था नरौली गंगा घाट पहुंचा। यहां ‘बोल बम’ के नारों से पूरा क्षेत्र भक्तिमय हो गया। कांवरियों ने ‘बोल बम का नारा है, बाबा ही सहारा है’ जैसे उद्घोष किए। कांवरियों ने नरौली गंगा घाट से जल लेकर धानापुर कस्बा स्थित विजय दशमी पोखरा प्रांगण में नवनिर्मित विश्वेश्वर महादेव मंदिर में जलाभिषेक किया।
इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख अजय सिंह ने कहा, “शिव का पवित्र जल हाथ में लेकर चलने से एक अलग ही सकारात्मक ऊर्जा का अनुभव होता है। श्रावण मास में भगवान भोलेनाथ की आराधना से मन को शांति, आत्मिक बल और नई ऊर्जा प्राप्त होती है।” उन्होंने आगे कहा कि यह यात्रा केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक नहीं, बल्कि समाज में एकता, सद्भाव और सेवा की भावना को भी मजबूत करती है।
यात्रा के दौरान श्रद्धालु पूरे उत्साह और अनुशासन के साथ शिव भजनों व जयघोष के बीच आगे बढ़ते रहे। मंदिर पहुंचने पर सभी शिवभक्तों ने भगवान विश्वेश्वर महादेव का जलाभिषेक कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि, शांति और जनकल्याण की कामना की। पूरे मार्ग में भक्तिमय वातावरण बना रहा और बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की सहभागिता देखने को मिली।
चंदौली जिले में सावन के पहले दिन गंगा घाटों पर कांवरियों की भारी भीड़ उमड़ी।










