पूर्वांचल राज्य ब्यूरो
महराजगंज (घुघली)
सफाई, सुरक्षा, यातायात और व्यवस्थाओं का लिया गया जायजा, किसी भी विवाद पर तत्काल होगी कार्रवाई
महराजगंज। श्रावण मास के पावन अवसर पर इटहिया शिव मंदिर में उमड़ने वाली श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गया है। श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित दर्शन उपलब्ध कराने के लिए राजस्व विभाग ने कमान संभाल ली है। मंदिर परिसर में सुरक्षा, साफ-सफाई, यातायात, पेयजल, पार्किंग और चिकित्सा सहायता सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाओं को सुदृढ़ किया गया है।
तहसीलदार निचलौल अमित कुमार सिंह ने मंदिर परिसर का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने स्थानीय पत्रकार पल्टू मिश्रा से भी बातचीत की। बातचीत में मंदिर परिसर की साफ-सफाई, श्रद्धालुओं की सुविधाओं और प्रशासनिक तैयारियों पर विस्तार से चर्चा हुई। तहसीलदार ने संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिए कि मंदिर परिसर में स्वच्छता बनाए रखने के साथ किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या शिकायत का तत्काल समाधान सुनिश्चित किया जाए।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि श्रावण के प्रत्येक सोमवार और विशेष अवसरों पर अतिरिक्त सतर्कता बरती जाएगी। मंदिर परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखी जाएगी तथा अवैध वसूली, अतिक्रमण, यातायात बाधा या किसी भी विवाद की स्थिति पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी।
श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए बैरिकेडिंग, पेयजल, पार्किंग और चिकित्सा सहायता की व्यवस्था भी की गई है। प्रशासन ने सभी श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे प्रशासन का सहयोग करें, शांति एवं सौहार्द बनाए रखें और भगवान भोलेनाथ के दर्शन अनुशासनपूर्वक करें, ताकि श्रावण मास का यह पावन पर्व श्रद्धा, सुरक्षा और सुव्यवस्था के साथ संपन्न हो सके।










