पूर्वांचल राज्य संवाददाता : दीपु तिवारी
सोनभद्र रेणुकूट। जेडी मल्टीस्पेशियलिटी हॉस्पिटल, रेणुकूट की प्रथम वर्षगांठ के अवसर पर शनिवार को आयोजित समारोह में क्षेत्रवासियों को आधुनिक स्वास्थ्य सेवाओं की बड़ी सौगात मिली। अस्पताल प्रबंधन ने तीन नई अत्याधुनिक चिकित्सा सुविधाओं—यूएसजी (अल्ट्रासोनोग्राफी) सेंटर, पेरिटोनियल डायलिसिस यूनिट तथा मॉडर्न पल्मोनरी फंक्शन टेस्ट (PFT) मशीन—का शुभारंभ किया।
समारोह को संबोधित करते हुए अस्पताल प्रबंधन ने बताया कि क्षेत्र की जनता के विश्वास और सहयोग से अस्पताल ने मात्र एक वर्ष में 3200 से अधिक मरीजों का सफल उपचार किया है। उन्होंने कहा कि संस्थान का उद्देश्य केवल चिकित्सा सेवाएं प्रदान करना नहीं, बल्कि सोनभद्र एवं आसपास के क्षेत्रों के लोगों को महानगरों जैसी आधुनिक, गुणवत्तापूर्ण और सुलभ स्वास्थ्य सुविधाएं स्थानीय स्तर पर उपलब्ध कराना है अस्पताल की मैनेजिंग डायरेक्टर डॉ. हिमांशी जायसवाल के मार्गदर्शन में शुरू किए गए यूएसजी सेंटर में गर्भावस्था, स्त्री एवं प्रसूति रोग, पेट, किडनी, लीवर, थायरॉयड, प्रोस्टेट सहित विभिन्न प्रकार की अल्ट्रासोनोग्राफी जांच की सुविधा उपलब्ध रहेगी। इसके अलावा इन्फर्टिलिटी इवैल्यूएशन तथा आईयूआई फॉलिकुलर मॉनिटरिंग जैसी विशेष जांच सेवाएं भी मरीजों को प्रदान की जाएंगी कार्यक्रम के दौरान पेरिटोनियल डायलिसिस यूनिट का भी शुभारंभ किया गया। अस्पताल प्रबंधन के अनुसार यह किडनी रोगियों के लिए आधुनिक, सुरक्षित एवं सुविधाजनक उपचार प्रणाली है, जिससे मरीजों को स्थानीय स्तर पर बेहतर और गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सुविधा मिल सकेगी इसके साथ ही फेफड़ों से संबंधित रोगों की जांच के लिए अत्याधुनिक पल्मोनरी फंक्शन टेस्ट (PFT) मशीन भी शुरू की गई। यह सुविधा अस्थमा, सीओपीडी, एलर्जी तथा अन्य श्वसन संबंधी बीमारियों के निदान और उपचार में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी अस्पताल में वर्तमान समय में 24×7 इमरजेंसी एवं ट्रॉमा केयर, जनरल मेडिसिन, जनरल सर्जरी, स्त्री एवं प्रसूति रोग, बाल रोग, ऑर्थोपेडिक्स, आधुनिक पैथोलॉजी, एक्स-रे, ईसीजी, फार्मेसी तथा एम्बुलेंस सहित अनेक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध हैं।
अस्पताल की विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम में चेयरमैन डॉ. राजेश कुमार जायसवाल, मैनेजिंग डायरेक्टर डॉ. हिमांशी जायसवाल, मुख्य कार्यकारी अधिकारी डॉ. शिवानी जायसवाल तथा मुख्य परिचालन अधिकारी डॉ. गौरव जायसवाल सहित अनुभवी चिकित्सक एवं प्रशिक्षित चिकित्सा कर्मी अपनी सेवाएं दे रहे हैं।
समारोह के अंत में अस्पताल प्रबंधन ने क्षेत्रवासियों, चिकित्सकों, कर्मचारियों एवं मीडिया प्रतिनिधियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए गुणवत्तापूर्ण, सुलभ एवं सम्मानजनक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के अपने संकल्प को दोहराया। साथ ही मीडिया से अपील की कि इन नई चिकित्सा सुविधाओं की जानकारी अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाई जाए, ताकि कोई भी मरीज जानकारी के अभाव में उपचार से वंचित न रहे।










