पूर्वांचल राज्य संवाददाता : दीपु तिवारी
सोनभद्र रेणुकूट। हिण्डालको द्वारा संचालित आदित्य बिड़ला इंटरमीडिएट कॉलेज, रेणुकूट में शुक्रवार को बाल संसद चुनाव में निर्वाचित प्रतिनिधियों का शपथ ग्रहण समारोह गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि हिण्डालको मानव संसाधन प्रमुख एवं विद्यालय प्रबंधक श्री अजय कुमार सिन्हा, प्रधानाचार्य श्री दयानन्द शुक्ल तथा उप-प्रधानाचार्य श्री विजय भागवत पाटिल ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
प्रधानाचार्य एवं उप-प्रधानाचार्य ने मुख्य अतिथि का पुष्पगुच्छ भेंटकर स्वागत किया। इसके बाद मुख्य अतिथि ने छात्र प्रमुख दीपक यादव, छात्रा प्रमुख खुशी सिंह सहित निलय, सांस्कृतिक, क्रीड़ा, अनुशासन, सुरक्षा तथा विभिन्न कक्षाओं के निर्वाचित प्रतिनिधियों को बैज एवं सैश पहनाकर सम्मानित किया।
प्रधानाचार्य ने सभी प्रतिनिधियों को निष्ठा, ईमानदारी एवं कर्तव्यपरायणता की शपथ दिलाई। इस अवसर पर मुख्य अतिथि श्री अजय कुमार सिन्हा ने सभी प्रतिनिधियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वे अपने दायित्वों का ईमानदारी एवं समर्पण के साथ निर्वहन कर विद्यालय का नाम गौरवान्वित करें। उन्होंने यह भी आश्वासन दिया कि विद्यालय प्रबंधन उनकी जिम्मेदारियों के निर्वहन में हरसंभव सहयोग प्रदान करेगा प्रधानाचार्य श्री दयानन्द शुक्ल ने नव-निर्वाचित प्रतिनिधियों को उनके दायित्वों से अवगत कराते हुए विद्यालय की गरिमा बनाए रखने तथा अनुकरणीय नेतृत्व प्रस्तुत करने का आह्वान किया।
समारोह के दौरान शिक्षिका ज्योति मिश्रा के निर्देशन में छात्राओं द्वारा प्रस्तुत ओजस्वी गीत ने उपस्थित सभी प्रतिनिधियों एवं अतिथियों में उत्साह और ऊर्जा का संचार किया कार्यक्रम का संचालन शिक्षिका बिंदु ने किया। आयोजन शिक्षिका मंजू बाला जिंदल के मार्गदर्शन एवं शिक्षक सत्येन्द्र सिंह के सहयोग से संपन्न हुआ। अंत में उप-प्रधानाचार्य श्री विजय भागवत पाटिल ने सभी अतिथियों, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों के प्रति आभार व्यक्त किया कार्यक्रम को सफल बनाने में समन्वयकगण, वरिष्ठ शिक्षकों एवं विद्यालय परिवार के सभी सदस्यों का सराहनीय योगदान रहा।










