पूर्वांचल राज्य संवाददाता : दीपु तिवारी
सोनभद्र। पिपरी थाना क्षेत्र के रेनुकूट बस स्टैंड के समीप हुए हत्याकांड का खुलासा करते हुए पुलिस ने हत्या के मामले में वांछित तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने उनकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त टीवीएस मोटरसाइकिल की चाबी (आलाकत्ल) भी बरामद की है पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार, क्षेत्राधिकारी पिपरी हर्ष पाण्डेय के पर्यवेक्षण तथा थानाध्यक्ष राजेश जी चौबे के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।
पुलिस के अनुसार, 31 जुलाई को चौकी प्रभारी रेनुकूट उपनिरीक्षक जितेन्द्र सरोज अपनी टीम के साथ क्षेत्र में गश्त एवं वांछित अभियुक्तों की तलाश कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर मु0अ0सं0-143/2026, धारा 105 बीएनएस से संबंधित तीन वांछित अभियुक्तों को रेलवे रेनुकूट स्थित वरिष्ठ अनुभाग अभियंता (रेलपथ) कार्यालय की बाउंड्री के पीछे पाइपलाइन मार्ग के पास से सुबह लगभग 11:05 बजे गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस के मुताबिक, 26 जुलाई 2026 की रात करीब नौ बजे रेनुकूट बस स्टैंड स्थित एक पान की दुकान के पास संदीप पाल और अभियुक्तों के बीच विवाद हो गया था। विवाद के दौरान संदीप पाल के साथ मारपीट की गई। आरोप है कि विशाल सिंह उर्फ बिट्टू ने अपनी टीवीएस मोटरसाइकिल की चाबी से संदीप पाल की दाहिनी आंख और कान के बीच वार कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उपचार के लिए उसे बीएचयू वाराणसी रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मृत्यु हो गई।
मृतक के भाई की तहरीर पर पिपरी थाने में हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस लगातार आरोपियों की तलाश में जुटी थी। पूछताछ के दौरान तीनों अभियुक्तों ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। उनकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल की चाबी बरामद कर ली गई। आवश्यक विधिक कार्रवाई के बाद सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया।
गिरफ्तार अभियुक्तों में अजय पाण्डेय, वीर प्रताप सिंह उर्फ वीरू तथा विशाल सिंह उर्फ बिट्टू शामिल हैं। घटना में प्रयुक्त टीवीएस मोटरसाइकिल की चाबी (आलाकत्ल) गिरफ्तारी करने वाली टीम में थानाध्यक्ष राजेश जी चौबे, चौकी प्रभारी रेनुकूट उपनिरीक्षक जितेन्द्र सरोज, हेड कांस्टेबल अमित सिंह, कांस्टेबल अजीत कुमार तथा कांस्टेबल सुनील राम शामिल रहे।










