पूर्वांचल राज्य ब्यूरो,महराजगंज
सिसवा बाजार
जनपद महराजगंज के थाना कोठीभार क्षेत्र के मीराबाई नगर वार्ड नम्बर 25 स्थित पोखरा टोला में रविवार को दर्दनाक हादसा हुआ, जिसमें निर्माणाधीन पोखरे में नहाने गए तीन बच्चों की डूबने से मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही पूरे इलाके में मातम फैल गया और परिजन बुरी तरह टूट गए।
मिली जानकारी के अनुसार, पोखरा टोला के चार दोस्त—राजबीर (13) पुत्र उमेश यादव, नीतीश यादव (14) पुत्र रमेश यादव, रोहन (13) पुत्र रामलखन तथा कृष्णा रौनियार (15) पुत्र कबूतर रौनियार—नहाने के लिए गांव के पास बने निर्माणाधीन पोखरे पर गए थे। बताया गया है कि खेलते-खेलते नीतीश, रोहन और कृष्णा गहरे पानी में चले गए और वे डूबने लगे। घटना स्थल से बचकर भागने वाले राजबीर घर पहुंचकर परिजनों को घटना की सूचना देने गया।
तुरंत सूचना मिलने पर ग्रामीण व पुलिस मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों और गोताखोरों की मदद से तीनों बच्चों को पोखरे से बाहर निकाला गया और उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिसवा पहुंचाया गया। चिकित्सकों ने तीनों को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मृतकों की आयु क्रमशः 14, 13 और 15 वर्ष बतायी है।
पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा भरते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इस बाबत थानाध्यक्ष कोठीभार ने बताया कि घटना की जाँच प्रारम्भ कर दी गई है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा, “मौके पर शांति-व्यवस्था सामान्य है और आवश्यक वैधानिक प्रक्रिया पूरी की जा रही है।”
विदित रहे कि हादसे के बाद मृतकों के परिजन बुरी तरह टूट गए हैं। माता-पिता व अन्य रिश्तेदारों का रो-रोकर हालत खराब है। गांव में हर तरफ मातम पसरा हुआ है और ग्रामीणों ने इस दुखद घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया। कई ग्रामीणों ने कहा कि निर्माणाधीन पोखरे के आसपास सुरक्षा व्यवस्था न होने के कारण यह दुर्घटना हुई है और जिम्मेदारों से कड़ी कार्रवाई व मुआवजे की मांग की जा रही है।










