आधुनिक मशीन से टीबी जांच अभियान, खेमपुर में लगा विशेष स्वास्थ्य शिविर
पूर्वांचल राज्य संवाददाता : धर्मेंद्र कुमार चौधरी
कोन (सोनभद्र)।
जिलाधिकारी के निर्देशानुसार विकासखंड कोन में स्वास्थ्य विभाग द्वारा संचारी एवं गैर-संचारी रोगों की शीघ्र पहचान तथा प्रभावी उपचार के उद्देश्य से विशेष स्वास्थ्य जांच अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत गांव-गांव पहुंचकर ग्रामीणों की स्वास्थ्य जांच की जा रही है, ताकि उन्हें उनके घर के निकट ही बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।
इसी क्रम में सोमवार को ग्राम खेमपुर में विशेष स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में आधुनिक मशीनों की सहायता से टीबी (क्षय रोग) की जांच के साथ-साथ बुखार, लगातार खांसी, उच्च रक्तचाप (बीपी), मधुमेह (शुगर) तथा अन्य सामान्य बीमारियों की भी जांच की गई। स्वास्थ्य कर्मियों ने ग्रामीणों का स्वास्थ्य परीक्षण कर आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श दिया तथा जरूरतमंद मरीजों को आगे के उपचार के लिए संबंधित स्वास्थ्य केंद्रों से जोड़ने की प्रक्रिया भी प्रारंभ की।
स्वास्थ्य विभाग के शिवम सिंह ने बताया कि यह अभियान विकासखंड के 22 से 23 गांवों में संचालित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि टीबी जैसी गंभीर बीमारी की समय रहते पहचान होने पर उसका सफल उपचार संभव है। इसी उद्देश्य से आधुनिक तकनीक के माध्यम से जांच कर लोगों को जागरूक भी किया जा रहा है। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि यदि किसी व्यक्ति को दो सप्ताह से अधिक समय से खांसी, लगातार बुखार, वजन कम होना या अन्य संदिग्ध लक्षण दिखाई दें तो बिना किसी संकोच के स्वास्थ्य शिविर अथवा निकटतम सरकारी अस्पताल में जाकर जांच अवश्य कराएं।
शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। महिलाओं ने भी बढ़-चढ़कर स्वास्थ्य परीक्षण कराया और स्वास्थ्य संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त की। इस दौरान ग्राम प्रधान सरफराज अहमद भी मौजूद रहे। उन्होंने ग्रामीणों से अधिक से अधिक संख्या में स्वास्थ्य जांच कराने की अपील करते हुए कहा कि समय पर जांच और उपचार से गंभीर बीमारियों से बचाव संभव है।
ग्रामीणों ने सरकार एवं स्वास्थ्य विभाग की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि गांव में ही स्वास्थ्य जांच की सुविधा मिलने से लोगों का समय और धन दोनों की बचत हो रही है। साथ ही गंभीर बीमारियों की पहचान प्रारंभिक अवस्था में ही हो जाने से समय पर उपचार संभव हो रहा है। ग्रामीणों ने ऐसे स्वास्थ्य शिविरों का नियमित आयोजन किए जाने की भी मांग की।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार इस अभियान का मुख्य उद्देश्य टीबी मुक्त भारत अभियान को गति देना, ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच बढ़ाना तथा लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक बनाना है। विभाग की टीमें आगामी दिनों में विकासखंड कोन के अन्य गांवों में भी इसी प्रकार के विशेष स्वास्थ्य शिविर आयोजित कर ग्रामीणों को स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उपलब्ध कराएंगी।










