Home / Uncategorized / चंदौली जिले के धानापुर ब्लॉक परिसर में सोमवार को मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत 47 जोड़ों का विवाह संपन्न

चंदौली जिले के धानापुर ब्लॉक परिसर में सोमवार को मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत 47 जोड़ों का विवाह संपन्न

चंदौली जिले के धानापुर ब्लॉक परिसर में सोमवार को मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत 47 जोड़ों का विवाह संपन्न हुआ। इस अवसर पर नवविवाहित जोड़ों ने एक-दूसरे के साथ जीवन भर साथ रहने की कसमें खाईं।

योजना के लिए धानापुर ब्लॉक क्षेत्र से कुल 51 लाभार्थियों ने पंजीकरण कराया था। इनमें से एक ने इनकार कर दिया और एक अपात्र पाया गया, जिससे 49 जोड़ों का चयन हुआ। कार्यक्रम में 47 जोड़े उपस्थित हुए और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ उनका विवाह संपन्न कराया गया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सैयदराजा विधायक सुशील सिंह की पत्नी किरण सिंह और ब्लॉक प्रमुख अजय सिंह व उनकी पत्नी मीरा सिंह सहित क्षेत्र के कई जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। अतिथियों के आगमन पर “हर हर महादेव” के उद्घोष से पूरा पंडाल भक्तिमय हो उठा।

अतिथियों ने नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद दिया और उन्हें प्रमाण पत्र वितरित किए। विधायक सुशील सिंह की पत्नी किरण सिंह और ब्लॉक प्रमुख अजय सिंह की पत्नी मीरा सिंह ने कार्यक्रम में सक्रिय भागीदारी की। ब्लॉक प्रमुख अजय सिंह भी दोनों महिला अतिथियों के साथ मिलकर जोड़ों को फूल और प्रमाण पत्र देते हुए दिखाई दिए।

एडिओ समाज कल्याण सौरभ सिंह ने बताया कि इस योजना के तहत लड़की की न्यूनतम आयु 18 वर्ष और लड़के की 21 वर्ष होनी अनिवार्य है। प्रत्येक विवाह पर दुल्हन के बैंक खाते में 64,000 रुपये सीधे भेजे जाते हैं। इसके अतिरिक्त, 21,000 रुपये का सामान और 15,000 रुपये खानपान व अन्य व्यवस्थाओं पर खर्च किए गए।

ब्लॉक प्रमुख अजय सिंह ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार की इस योजना का मुख्य उद्देश्य गरीब परिवारों की बेटियों के विवाह में सहायता प्रदान करना है। उन्होंने बताया कि इसके तहत आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को विवाह के आयोजन और आर्थिक मदद के लिए कुल एक लाख रुपये तक का लाभ दिया जाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *