पूर्वांचल राज्य संवाददाता : दीपु तिवारी
सोनभद्र। शिक्षा व्यवस्था एवं आरक्षण व्यवस्था में सुधार संबंधी विभिन्न मांगों को लेकर 21 अगस्त 2026 को नई दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रस्तावित शांतिपूर्ण धरने की तैयारियां तेज हो गई हैं। आयोजनकर्ता हर्ष दुबे ने बताया कि कार्यक्रम के लिए संसद मार्ग थाना क्षेत्र के अंतर्गत पुलिस प्रशासन से अनुमति प्राप्त हो गई है। धरने में सोनभद्र सहित विभिन्न जनपदों से शिक्षक, छात्र एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं के शामिल होने की संभावना है। हर्ष दुबे के अनुसार, प्रस्तावित धरने का उद्देश्य शिक्षा व्यवस्था में सुधार, आर्थिक रूप से कमजोर विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना तथा आरक्षण व्यवस्था से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर सरकार का ध्यान आकर्षित करना है। उनका कहना है कि आर्थिक रूप से कमजोर छात्रों को प्रारंभिक स्तर से गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, निःशुल्क कोचिंग, पुस्तकें, छात्रावास एवं अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जानी चाहिए, ताकि वे अपनी प्रतिभा और मेहनत के बल पर प्रतियोगी परीक्षाओं में बेहतर प्रदर्शन कर सकें।
आयोजनकर्ताओं के अनुसार, धरना पूरी तरह शांतिपूर्ण एवं लोकतांत्रिक तरीके से आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम के दौरान प्रशासन द्वारा निर्धारित सभी नियमों एवं शर्तों का पालन किया जाएगा। हर्ष दुबे ने स्पष्ट किया कि इस आंदोलन का उद्देश्य किसी भी वर्ग, जाति या समुदाय का विरोध करना नहीं है, बल्कि शिक्षा एवं जनकल्याण से जुड़े मुद्दों पर सरकार का ध्यान आकर्षित करना है। उन्होंने अधिक से अधिक लोगों से 21 अगस्त को जंतर-मंतर पहुंचकर लोकतांत्रिक तरीके से अपनी भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की।









