Home / Uncategorized / ‘छोटे लोहिया’ जनेश्वर मिश्र की जयंती पर सपा नेताओं ने किया नमन, समाजवादी विचारों पर चलने का लिया संकल्प

‘छोटे लोहिया’ जनेश्वर मिश्र की जयंती पर सपा नेताओं ने किया नमन, समाजवादी विचारों पर चलने का लिया संकल्प

पूर्वांचल राज्य ब्यूरो
महराजगंज ( घुघली) पल्टू मिश्रा
महराजगंज। नगर पंचायत घुघली में बुधवार को प्रखर समाजवादी नेता एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री स्वर्गीय जनेश्वर मिश्र की जयंती श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई। इस अवसर पर समाजवादी पार्टी के नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी तथा उनके बताए समाजवादी मूल्यों और सिद्धांतों पर चलने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि स्वर्गीय जनेश्वर मिश्र भारतीय समाजवादी आंदोलन के मजबूत स्तंभ थे। डॉ. राम मनोहर लोहिया के प्रति उनकी अटूट निष्ठा और समाजवादी विचारधारा के प्रति समर्पण के कारण उन्हें ‘छोटे लोहिया’ के नाम से जाना जाता था। उन्होंने अपना पूरा जीवन आम जनता, किसानों, मजदूरों और वंचित वर्गों के अधिकारों की लड़ाई में समर्पित कर दिया।
वक्ताओं ने बताया कि जनेश्वर मिश्र कई बार लोकसभा और राज्यसभा के सदस्य रहे तथा सात बार केंद्रीय मंत्री के रूप में देश की सेवा की। उन्होंने पेट्रोलियम, रेलवे और जल संसाधन जैसे महत्वपूर्ण मंत्रालयों का सफलतापूर्वक दायित्व निभाया। इतना बड़ा राजनीतिक कद होने के बावजूद उनका जीवन अत्यंत सादा और जनसेवा के प्रति समर्पित रहा, जो आज भी नई पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत है।
कार्यक्रम में प्रमुख रूप से सपा नेता हिमांशु पाण्डेय, डॉ. श्याम देव शर्मा, विजय यादव, अभय प्रताप यादव, बृजेश पटेल, डॉ. ए.के. गुप्ता, सिटू भाई, सुरेंद्र यादव, कमलेश यादव, महबूब सहित बड़ी संख्या में समाजवादी कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *