राजीव शंकर चतुर्वेदी
पूर्वांचल राज्य ब्यूरो
बलिया। उत्तर प्रदेश में बसपा के इकलौता विधायक उमाशंकर सिंह नहीं रहे, यह खबर जैसे ही पहुंची, लोग स्तब्ध रह गये। बलिया जनपद के रसड़ा विधानसभा क्षेत्र से निर्वाचित विधायक उमाशंकर सिंह जन-जन में लोक प्रिय थे। इधर, कुछ समय से अस्वस्थ चल रहे विधायक उमाशंकर सिंह ने बुधवार की देर रात दिल्ली में उपचार के दौरान अंतिम सांस ली। उत्तर प्रदेश के बलिया जिले की रसड़ा विधानसभा सीट से बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के विधायक उमाशंकर सिंह छात्र जीवन से राजनीति में सक्रिय रहे हैं। 2012, 2017 व 2022 के विधानसभा चुनावों में लगातार तीन बार विजयी होकर उमाशंकर सिंह ने अपनी मजबूत राजनीतिक पकड़ का परिचय दिया है। उनके आकस्मिक निधन पर राज्यसभा सांसद नीरज शेखर ने शोक संवेदना व्यक्त किया है। श्री शेखर ने लिखा है – ‘मेरे गृह जनपद बलिया अन्तर्गत रसड़ा विधानसभा क्षेत्र से लोकप्रिय विधायक उमाशंकर सिंह जी के असमय निधन का समाचार अत्यंत दुःखद एवं स्तब्ध करने वाला है। उन्होंने अपने सार्वजनिक जीवन में जनसेवा और क्षेत्र के विकास के लिए जो योगदान दिया, उसे सदैव सम्मान के साथ स्मरण किया जाएगा। उनका निधन सामाजिक एवं राजनीतिक क्षेत्र के लिए अपूरणीय क्षति है। ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान प्रदान करें तथा शोकाकुल परिजनों, समर्थकों और शुभचिंतकों को इस असीम दुःख को सहन करने की शक्ति दें। ॐ शांति। विनम्र श्रद्धांजलि।’
नहीं रहे जनप्रिय बसपा के एक मात्र विधायक उमा शंकर सिंह पूरे जनपद में शोक की लहर









