Home / Uncategorized / प्रतापगढ़ में बारिश के बीच जर्जर मकान ढहा, एक ही परिवार के 6 लोगों की मौत

प्रतापगढ़ में बारिश के बीच जर्जर मकान ढहा, एक ही परिवार के 6 लोगों की मौत

प्रतापगढ़, उत्तर प्रदेश। लगातार बारिश के बीच प्रतापगढ़ के नगर कोतवाली क्षेत्र के महुली गांव में गुरुवार तड़के करीब 2 बजे करीब 100 साल पुराना जर्जर मकान अचानक भरभराकर गिर गया। हादसे के समय परिवार के सदस्य एक कमरे में सो रहे थे। मकान गिरने से एक ही परिवार के छह लोगों की मौत हो गई, जबकि 28 वर्षीय अमन श्रीवास्तव सुरक्षित बच गए।

एक ही परिवार के छह लोगों की मौत
हादसे में प्रमोद श्रीवास्तव, रीता श्रीवास्तव, नितिन श्रीवास्तव, माधुरी श्रीवास्तव और दो मासूम बच्चों माधव व अद्विक की मौत हुई है। हादसे के बाद पुलिस, फायर ब्रिगेड और प्रशासनिक टीमों ने स्थानीय लोगों के साथ मिलकर मलबा हटाने का रेस्क्यू अभियान चलाया।

बारिश के बीच ढहा जर्जर मकान
प्राथमिक जानकारी के अनुसार मकान करीब 100 साल पुराना और जर्जर हालत में था। लगातार बारिश के कारण मकान की दीवारें कमजोर होने की बात सामने आई है। परिवार के लोग एसी वाले कमरे में एक साथ सो रहे थे, तभी अचानक मकान ढह गया।

प्रशासन और पुलिस मौके पर
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंचे। मलबे से लोगों को निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां छह लोगों को मृत घोषित कर दिया गया। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।

सीएम योगी ने लिया संज्ञान
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हादसे का संज्ञान लेते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है। उन्होंने अधिकारियों को राहत कार्य में तेजी लाने, घायल का समुचित उपचार कराने और प्रभावित परिवार को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।  

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *