Home / Uncategorized / शक्तिनगर मुर्धवा-बीजपुर मार्ग पर फिर बिखरा खून, सड़कें भी रो पड़ीं; दर्दनाक हादसे ने चीर दिया हर दिल

शक्तिनगर मुर्धवा-बीजपुर मार्ग पर फिर बिखरा खून, सड़कें भी रो पड़ीं; दर्दनाक हादसे ने चीर दिया हर दिल

पूर्वांचल राज्य संवाददाता : दीपु तिवारी

सोनभद्र। पिपरी थाना क्षेत्र के मुर्धवा-बीजपुर मार्ग स्थित जंगल क्षेत्र में गुरुवार को डीजल टैंकर और कोयला लदे ट्रक के बीच आमने-सामने की भीषण टक्कर हो गई। हादसे में ट्रक चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दुर्घटना के बाद मुर्धवा-बीजपुर मार्ग पर कई किलोमीटर लंबा जाम लग गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रक का केबिन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक उसमें बुरी तरह फंस गया। स्थानीय लोगों की मदद से चालक को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान रॉबर्ट्सगंज निवासी लगभग 60 वर्षीय श्याम के रूप में हुई है। दुर्घटना के बाद डीजल टैंकर सड़क पर आड़ा हो जाने से मुर्धवा-बीजपुर मार्ग पर यातायात पूरी तरह बाधित हो गया। इसके चलते दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और औद्योगिक संस्थानों के कर्मचारी तथा अन्य राहगीरों को घंटों जाम में फंसे रहना पड़ा। सूचना मिलते ही पिपरी पुलिस मौके पर पहुंची और क्रेन की सहायता से दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटाने का कार्य शुरू कराया। साथ ही, यातायात सुचारु बनाए रखने के लिए डायवर्जन व्यवस्था भी लागू की गई।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है तथा दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *