पीएम राजकीय बालिका इंटर कॉलेज परिसर राष्ट्रगौरव और देशभक्ति की भावना से हुआ ओत-प्रोत, डीएम ने हर घर तिरंगा फहराने का किया आह्वान
पूर्वांचल राज्य संवाददाता : दीपु तिवारी
सोनभद्र, रॉबर्ट्सगंज 10 अगस्त 2026। ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के अंतर्गत सोमवार को पीएम राजकीय बालिका इंटरमीडिएट कॉलेज, रॉबर्ट्सगंज में राष्ट्रभक्ति एवं देशप्रेम से ओत-प्रोत वातावरण में राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम्’ का सामूहिक गायन आयोजित किया गया। छात्राओं के सामूहिक गायन से विद्यालय परिसर राष्ट्रभक्ति के भाव से गूंज उठा। कार्यक्रम में जिलाधिकारी चर्चित गौड़, मुख्य विकास अधिकारी जागृति अवस्थी, जिला विद्यालय निरीक्षक जयराम सिंह सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं छात्राएं उपस्थित रहीं। इस अवसर पर जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि ‘हर घर तिरंगा’ अभियान केवल तिरंगा फहराने का कार्यक्रम नहीं, बल्कि राष्ट्र के प्रति सम्मान, गौरव और जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करने का अवसर है। उन्होंने सभी छात्राओं से अपने घरों पर तिरंगा फहराने तथा अपने अभिभावकों एवं आसपास के लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करने का आह्वान किया जिलाधिकारी ने कहा कि प्रत्येक छात्र-छात्रा देशभक्ति की भावना को अपने परिवार एवं समाज तक पहुंचाए, ताकि जनपद के अधिक से अधिक घरों पर तिरंगा शान से लहराए और पूरा सोनभद्र राष्ट्रभक्ति के रंग में रंग जाए। उन्होंने तिरंगे की गरिमा एवं ध्वज संहिता का पालन सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि तिरंगे का सम्मान सर्वोपरि है। ध्वज का उपयोग करने के बाद उसे इधर-उधर न फेंका जाए, बल्कि सम्मानपूर्वक सुरक्षित स्थान पर रखा जाए। कार्यक्रम के दौरान छात्राओं द्वारा एक स्वर में किए गए ‘वंदे मातरम्’ के सामूहिक गायन ने पूरे विद्यालय परिसर को राष्ट्रभक्ति से सराबोर कर दिया। छात्राओं एवं शिक्षकों में देश के प्रति गौरव और समर्पण की भावना स्पष्ट रूप से दिखाई दी।










