Home / Uncategorized / बसपा विधायक उमाशंकर सिंह को श्रद्धांजलि लोगों ने पुष्प अर्पित कर दो मिनट का रखा मौन

बसपा विधायक उमाशंकर सिंह को श्रद्धांजलि लोगों ने पुष्प अर्पित कर दो मिनट का रखा मौन

अश्रुपूर्ण नेत्रों से समाजसेवी अजय सिंह ने बसपा विधायक को दी श्रद्धांजलि

राजीव शंकर चतुर्वेदी
पूर्वांचल राज्य ब्यूरो
बलिया। बसपा के इकलौते विधायक स्व. उमाशंकर सिंह की स्मृति में सोमवार को सहतवार नगर पंचायत के समाजसेवी अजय सिंह के नेतृत्व में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। इस दौरान वक्ताओं ने उनके व्यक्तित्व और कृतित्व पर प्रकाश डाला। उपस्थित लोगों ने विधायक के तैल चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धा-सुमन चढ़ाए और दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। श्रद्धांजलि सभा के दौरान समाजसेवी अजय सिंह जब माइक पर आए, तो उनका गला भर आया और उनकी आंखों से आंसू बहने लगे। उन्होंने अश्रुपूर्ण नेत्रों से बसपा विधायक को श्रद्धांजलि दी।
वक्ताओं ने कहा कि बलिया ने एक ऐसे जनप्रतिनिधि को खो दिया है, जिसकी भरपाई निकट भविष्य में संभव नहीं दिख रही है। उन्होंने बताया कि उमाशंकर सिंह केवल राजनीति तक सीमित नहीं थे, बल्कि समाज के हर वर्ग के लोगों के साथ उनका गहरा आत्मीय संबंध था। वक्ताओं ने उन्हें ‘गरीबों का मसीहा’ बताते हुए कहा कि वे जरूरतमंदों की सहायता के लिए हमेशा तत्पर रहते थे। किसी गरीब, असहाय या पीड़ित व्यक्ति की समस्या संज्ञान में आने पर वे उसके समाधान के लिए हरसंभव प्रयास करते थे। उमाशंकर सिंह का व्यक्तित्व केवल एक विधायक के रूप में ही नहीं, बल्कि एक ऐसे सामाजिक व्यक्ति के रूप में भी स्थापित था, जो सुख-दुख की हर घड़ी में लोगों के साथ खड़ा रहता था। क्षेत्र में किसी परिवार में खुशी का अवसर हो या विपत्ति की घड़ी, वे वहां पहुंचकर लोगों का हौसला बढ़ाते थे। उनके इस व्यवहार ने आम लोगों के साथ उनके रिश्ते को और मजबूत किया। वक्ताओं ने कहा कि उनके निधन से परिवार, समर्थकों और क्षेत्र की जनता को अपूरणीय क्षति हुई है। उनके जाने से पैदा हुई रिक्तता को भर पाना आसान नहीं होगा। उमाशंकर सिंह की जनसेवा, सरल व्यवहार और जरूरतमंदों के प्रति संवेदनशीलता लंबे समय तक लोगों की स्मृतियों में जीवित रहेगी। सभा की अध्यक्षता भूलन गुप्ता ने की और संचालन शम्भू शरण बेहाल ने किया। इस अवसर पर धर्मनाथ सिंह काका, विद्या शंकर प्रसाद, अरविन्द गांधी, भाजपा नेता राजकुमार गुप्ता, रंजन सिंह, आदित्य सिंह धनु, फिरोज आलम, सुनील राजभर, भीम सिंह, बृजेश सिंह, हरिशंकर पाण्डेय, पवन सिंह, अरूण गुप्ता आचार्य, बिहारी जी और संजय सिंह सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *