पूर्वांचल राज्य संवाददाता : दीपु तिवारी
रेणुकूट (सोनभद्र)। स्वतंत्रता दिवस के उत्साह के बीच सोमवार को रेणुकूट की सड़कों पर राष्ट्रभक्ति का अद्भुत नजारा देखने को मिला। हाथों में तिरंगा और जुबां पर भारत माता की जय का उद्घोष लिए भाजपा पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और स्थानीय नागरिकों का हुजूम नगर की सड़कों पर निकला तो पूरा वातावरण देशभक्ति के रंग में रंग गया। भारतीय जनता पार्टी की ओर से निकाली गई भव्य तिरंगा यात्रा ने नगर में राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय एकता और अखंडता का संदेश बुलंद किया।
तिरंगा यात्रा का शुभारंभ चाचा कॉलोनी स्थित कर्मचारी राज्य बीमा चिकित्सालय के मुख्य द्वार से हुआ। राष्ट्रीय ध्वज लहराते हुए कार्यकर्ता पूरे जोश और उत्साह के साथ यात्रा में आगे बढ़े। नगर के विभिन्न मार्गों से गुजरती हुई यात्रा पिपरी स्थित हनुमान मंदिर पहुंची। इस दौरान भारत माता की जय और देशभक्ति के नारों से पूरा नगर गूंजायमान रहा। हाथों में लहराते तिरंगे और कार्यकर्ताओं के उत्साह ने स्वतंत्रता दिवस के उल्लास को और खास बना दिया।
तिरंगा देश की आन-बान और शान का प्रतीक : संजीव गौड़
इस अवसर पर प्रदेश सरकार के समाज कल्याण राज्य मंत्री संजीव सिंह गौड़ ने कहा कि तिरंगा केवल भारत का राष्ट्रीय ध्वज नहीं, बल्कि देश की एकता, अखंडता, गौरव और स्वाभिमान का प्रतीक है। देश के वीर जवानों और स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग एवं बलिदान के कारण आज हम स्वतंत्र भारत में सम्मान के साथ जीवन जी रहे हैं।
उन्होंने कहा कि प्रत्येक नागरिक का दायित्व है कि वह राष्ट्र की एकता और अखंडता को मजबूत करने में अपनी भूमिका निभाए तथा देशहित को सर्वोपरि रखे। तिरंगा हमें देश के प्रति अपने कर्तव्यों और जिम्मेदारियों का निरंतर स्मरण कराता है।
भाजपा पदाधिकारियों ने संभाली यात्रा की कमान
तिरंगा यात्रा का नेतृत्व भाजपा मंडल अध्यक्ष हरिराम शाह एवं भारतीय जनता युवा मोर्चा के मंडल अध्यक्ष आशुतोष पांडे ने किया। भाजपा जिलाध्यक्ष नंदलाल गुप्ता ने कहा कि तिरंगा देशवासियों को एक सूत्र में बांधने का कार्य करता है। यह देश की विविधता में एकता और राष्ट्र के प्रति समर्पण का प्रतीक है।
यात्रा में भाजपा उपाध्यक्ष मनोज मिश्रा, राकेश पांडे, ममता सिंह, दिग्विजय प्रताप सिंह, अनुराग पाठक, राकेश सिंह एवं प्रदीप सिंह सहित भाजपा एवं भाजयुमो के पदाधिकारी, कार्यकर्ता तथा बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक शामिल रहे।
राष्ट्रीय एकता और अखंडता का लिया संकल्प
पूरे आयोजन के दौरान कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। तिरंगा यात्रा के समापन पर पिपरी स्थित हनुमान मंदिर के समीप उपस्थित लोगों ने राष्ट्रीय एकता, अखंडता और देशहित के लिए सदैव कार्य करने का संकल्प लिया। तिरंगे की शान और राष्ट्रभक्ति के संदेश के साथ भव्य यात्रा का समापन हुआ।










