Home / Uncategorized / चंदौली जिले के धानापुर कस्बे में मंगलवार को सैयदराजा विधायक सुशील सिंह के नेतृत्व में एक तिरंगा यात्रा निकाली गई

चंदौली जिले के धानापुर कस्बे में मंगलवार को सैयदराजा विधायक सुशील सिंह के नेतृत्व में एक तिरंगा यात्रा निकाली गई

चंदौली जिले के धानापुर कस्बे में मंगलवार को सैयदराजा विधायक सुशील सिंह के नेतृत्व में एक तिरंगा यात्रा निकाली गई। इस यात्रा का उद्देश्य 1942 में क्षेत्र को अंग्रेजों से मुक्त कराने वाले शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करना था। ब्लॉक प्रमुख अजय सिंह के देखरेख में यह यात्रा शहीद पार्क से शुरू होकर पूरे बाजार का भ्रमण करते हुए हनुमान मंदिर तक पहुंची।
इस जुलूस में सैकड़ों भाजपा कार्यकर्ता और ब्लॉक के कर्मचारी शामिल हुए। विधायक के तय समय से दो घंटे बाद पहुंचने के बावजूद कार्यकर्ताओं का मनोबल कम नहीं हुआ। उमस भरी गर्मी में इंतजार करते हुए उन्होंने हाथों में तिरंगा झंडा लेकर ‘भारत माता की जय’ और ‘वंदे मातरम’ के नारे लगाए, जिससे पूरा क्षेत्र देशभक्ति के रंग में रंग गया।
इस अवसर पर विधायक सुशील सिंह ने लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि अगस्त क्रांति का यह महीना उन वीर योद्धाओं को याद करने का है, जिनकी वजह से हमें आजादी मिली। उन्होंने बताया कि जहां देश को 15 अगस्त 1947 को आजादी मिली, वहीं धानापुर के लोगों ने इससे पांच साल पहले ही यानी 1942 में अंग्रेजों को भगाकर अपने क्षेत्र को आजाद करा लिया था। यह तिरंगा यात्रा उन्हीं शहीदों की याद में निकाली गई है।
धानापुर क्षेत्र के वीर योद्धाओं ने 16 अगस्त 1942 को धानापुर थाना गेट पर तिरंगा फहराकर क्षेत्र को अंग्रेजों से मुक्त करा लिया था। इस दौरान कई क्रांतिकारियों ने अपनी जान की आहुति दी थी। इस ऐतिहासिक घटना की याद में प्रत्येक वर्ष 16 अगस्त को शहीद पार्क में विशाल शहादत दिवस कार्यक्रम आयोजित किया जाता है, जिसमें जनप्रतिनिधि, अधिकारी और स्थानीय लोग शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हैं।
16 अगस्त 1942 को पूर्व विधायक कामता प्रसाद विद्यार्थी के नेतृत्व में सेनानी धानापुर थाना गेट पर तिरंगा फहराने पहुंचे थे। तत्कालीन अंग्रेज दरोगा अनवारूल हक ने उन्हें ऐसा करने से रोका। इसके बावजूद क्रांतिकारियों ने तिरंगा फहरा दिया। इससे गुस्साए थाना प्रभारी ने गोलियां चलवा दीं, जिसमें तीन लोग शहीद हो गए और कई अन्य घायल हुए थे।
इस मौके पर मुख्य रूप से प्रधान रामजी कुशवाहा, रमेश यादव, आशुतोष मिंटू, राजेश सिंह, अशोक गुप्ता, बिपिन रस्तोगी, राणा सिंह, अरबिंद मिश्रा, गोपाल बिन्द, मेवा गुप्ता, अजय श्रीवास्तव, धनजय रस्तोगी, अजित वर्मा, सत्यवान मौर्या, रोशन सिंह, मंसा देवी, घनश्याम और बाबूलाल मौर्या सहित सैकड़ों लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *