Home / Uncategorized / अनिल के इलाज में इंसानियत बनी उम्मीद की किरण, शिबू रिजवान ने जुटाई मदद और डॉ. विनोद राय ने दी बड़ी राहत

अनिल के इलाज में इंसानियत बनी उम्मीद की किरण, शिबू रिजवान ने जुटाई मदद और डॉ. विनोद राय ने दी बड़ी राहत

पूर्वांचल राज्य संवाददाता : दीपु तिवारी

रेणुकूट (सोनभद्र)। आर्थिक तंगी के कारण करीब एक वर्ष से गुर्दे और पेशाब की नली में पथरी की समस्या से जूझ रहे पिपरी नगर पंचायत क्षेत्र के न्यू मार्केट निवासी अनिल कुमार के लिए समाजसेवी शिबू रिजवान और अवध कॉलोनी स्थित अस्पताल के संचालक डॉ. विनोद राय उम्मीद की किरण बनकर सामने आए। दोनों की पहल और सहयोग से लंबे समय से इलाज के लिए परेशान अनिल कुमार के उपचार की राह आसान हुई। जानकारी के अनुसार, अनिल कुमार पिछले करीब एक वर्ष से पथरी की समस्या से परेशान थे। आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण वह समुचित इलाज नहीं करा पा रहे थे। उनकी परेशानी की जानकारी मिलने पर पिपरी तुर्रा बाजार के चिकवा मोहल्ला निवासी समाजसेवी शिबू रिजवान ने मदद के लिए पहल की। शिबू रिजवान ने अपने चार-पांच सहयोगी मित्रों और स्थानीय लोगों से आर्थिक सहयोग जुटाकर करीब 30 हजार रुपये एकत्र किए। इसके बाद उन्होंने अवध कॉलोनी स्थित अस्पताल के संचालक डॉ. विनोद राय से संपर्क कर अनिल कुमार की बीमारी और आर्थिक स्थिति से उन्हें अवगत कराया।
मरीज की स्थिति को देखते हुए डॉ. विनोद राय ने भी मानवीय संवेदना का परिचय देते हुए इलाज में सहयोग का निर्णय लिया। उन्होंने स्वयं 5 हजार रुपये का सहयोग किया। इसके साथ ही अपनी फीस एवं आवश्यक जांचों में 50 प्रतिशत की छूट देते हुए ऑपरेशन और दवाओं सहित उपचार का खर्च करीब 35 हजार रुपये में सुनिश्चित किया। डॉ. विनोद राय के सहयोग से अनिल कुमार और उनके परिवार को बड़ी राहत मिली। लंबे समय से इलाज के लिए परेशान परिवार को मदद का सहारा मिलने से उनके चेहरे पर उम्मीद लौटी। शिबू रिजवान की पहल और डॉ. विनोद राय की संवेदनशीलता की क्षेत्र में सराहना की जा रही है। परिजनों ने शिबू रिजवान, उनके सहयोगी मित्रों और डॉ. विनोद राय का आभार जताते हुए कहा कि आर्थिक संकट के समय जिस तरह सभी ने आगे बढ़कर मदद की, वह इंसानियत और सामाजिक सहयोग की प्रेरणादायक मिसाल है। परिजनों ने भावुक होकर कहा, “मुश्किल समय में शिबू रिजवान और डॉ. विनोद राय ने जिस तरह हमारा साथ दिया, उसे हमारा परिवार कभी नहीं भूल सकता। डॉक्टर साहब ने आर्थिक सहयोग के साथ फीस और जांच में छूट देकर बड़ी मदद की। हम उनका दिल से धन्यवाद करते हैं। मानवता का एक छोटा-सा प्रयास किसी जरूरतमंद के जीवन में बड़ी उम्मीद जगा सकता है। शिबू रिजवान की पहल और डॉ. विनोद राय का सहयोग समाज में सेवा, संवेदना और आपसी सहयोग की भावना को मजबूत करने वाला प्रेरणादायक उदाहरण है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *