Home / Uncategorized / बागपत में सनसनीखेज वारदात: मंदिर की धूनी के नीचे मिले दो दोस्तों के शव, पुजारी पर हत्या का शक

बागपत में सनसनीखेज वारदात: मंदिर की धूनी के नीचे मिले दो दोस्तों के शव, पुजारी पर हत्या का शक

उत्तर प्रदेश के बागपत में दो दोस्तों की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। करीब 20 दिनों से लापता अंकित और इसरार के शव लहचौड़ा गांव स्थित गणेश मंदिर परिसर में दफन मिले हैं। पुलिस ने मंदिर परिसर में खुदाई कर दोनों शवों को बरामद किया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजनों ने मंदिर के पुजारी पर दोनों की हत्या में शामिल होने का आरोप लगाया है। पुलिस की शुरुआती जांच में हत्या के पीछे कथित अवैध संबंध का एंगल सामने आया है।

मामला चांदीनगर थाना क्षेत्र के लहचौड़ा गांव का है। अंकित और इसरार आपस में करीबी दोस्त थे। दोनों करीब 20 दिन पहले घर से निकले थे, लेकिन इसके बाद वापस नहीं लौटे। परिजनों ने दोनों को काफी तलाश किया, मगर कोई जानकारी नहीं मिली।

बताया जा रहा है कि दोनों दोस्त लहचौड़ा गांव के गणेश मंदिर में रहने वाले पुजारी से मिलने पहुंचे थे। इसके बाद से ही दोनों का कोई पता नहीं चला। लगातार तलाश के बीच परिजनों को मंदिर परिसर में शव दफन होने की जानकारी मिली। सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मंदिर परिसर पहुंची और संदिग्ध स्थान पर खुदाई कराई। खुदाई के दौरान वहां से दोनों शव बरामद हुए। पुलिस के मुताबिक, शव मंदिर परिसर में बनी धूनी के नीचे दबाए गए थे। इसके ऊपर इंटरलॉकिंग टाइल्स भी लगा दी गई थीं।

इससे आशंका जताई जा रही है कि शवों को छिपाने के लिए पूरी तरह से जगह को ढकने की कोशिश की गई थी। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

परिजनों ने मंदिर के पुजारी पर हत्या में शामिल होने का शक जताया है। बताया जा रहा है कि यह पुजारी पहले अंकित और इसरार के गांव सिंगोली तगा स्थित मंदिर में रहता था। करीब छह महीने पहले वह लहचौड़ा के गणेश मंदिर में आकर रहने लगा था।

परिजनों का कहना है कि दोनों दोस्त पुजारी से मिलने मंदिर गए थे और इसके बाद संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गए। घटना सामने आने के बाद से पुजारी के फरार होने की बात कही जा रही है।

पुलिस की शुरुआती जांच में हत्या के पीछे कथित अवैध संबंध को वजह माना जा रहा है। पुलिस के अनुसार, मृतकों में से एक के परिवार की एक महिला से कथित संबंध को लेकर विवाद होने की आशंका है। सूत्रों के मुताबिक, वह महिला मंदिर के पुजारी की प्रेमिका बताई जा रही है।

हालांकि, पुलिस ने अभी हत्या की वजह की आधिकारिक तौर पर पुष्टि नहीं की है। जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि वारदात के पीछे वास्तविक कारण क्या था और इसमें कौन-कौन लोग शामिल थे।

दोनों शव मिलने की खबर के बाद गांव में सनसनी फैल गई। पुलिस ने मामले की जांच तेज कर दी है और फरार पुजारी की तलाश की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से दोनों की मौत की वजह और हत्या से जुड़े कई अहम सवालों के जवाब मिलने की उम्मीद है।

पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि दोनों की हत्या किस तरह की गई और शवों को मंदिर परिसर में दफनाने में किसी अन्य व्यक्ति ने मदद की थी या नहीं। वहीं, परिजनों ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है और जांच पूरी होने के बाद ही पूरे मामले का खुलासा हो सकेगा। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *